रायपुर,11 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। अब महतारी वंदन योजना का लाभ सिर्फ विवाहित महिलाओं तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी योजना में शामिल करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पूरे प्रदेश में सर्वे शुरू कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देश पर जिलों में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की पहचान के लिए सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में महिलाओं की संख्या और पात्रता से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। वर्तमान में योजना के तहत सिर्फ पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। अब विस्तार के बाद 40+ उम्र की अविवाहित महिलाएं भी निर्धारित शर्तें पूरी करने पर लाभार्थी सूची में जुड़ेंगी। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं की संख्या 1 लाख से अधिक बताई जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया है कि योजना का दायरा बढ़ाने के बाद अविवाहित महिलाओं के लिए अलग से पोर्टल खोला जाएगा। पोर्टल खुलते ही पात्र महिलाएं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगी। हालांकि अविवाहित महिलाओं के लिए अंतिम पात्रता शर्तें और जरूरी दस्तावेज अभी सरकार द्वारा तय किए जाने बाकी हैं। विभागीय स्तर पर आंकड़े मिलने के बाद पूरी प्रक्रिया जारी की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur