Breaking News

अम्बिकापुर@नवप्रवेशी छात्रों को बताया सफलता का मंत्र,कहा… अनुशासन और सकारात्मक सोच से मिलेगी मंजिल

Share


महाविद्यालय में इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित,अतिथियों ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक,कौशल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रहने किया प्रेरित

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग के वार्षिक कैलेंडर-2026 के अनुसार महाविद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन (दीक्षारंभ) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीए,बीएससी, बीकॉम, बीसीए और एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शुरुआत में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का चंदन-टीका लगाकर स्वागत किया गया और मिष्ठान वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक संस्थान है और विद्यार्थी इसकी 66वीं पीढ़ी का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में बेहतर तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि एवं महाविद्यालय के पूर्व छात्र,वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट हरिशंकर जायसवाल ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन की नई यात्रा की शुरुआत है। विद्यालय से महाविद्यालय तक का सफर केवल कक्षा बदलने का नहीं, बल्कि सोच, व्यक्तित्व और जीवन-दृष्टि के विस्तार का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन,समयपालन, ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो. अनिल सिन्हा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने,पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने तथा खेल,सांस्कृतिक गतिविधियों, एनएसएस और एनसीसी में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजकमल मिश्रा ने नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बहुविषयक शिक्षा,कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के अवसरों के साथ विद्यार्थियों को रुचि व क्षमता के अनुसार विषय चयन में सावधानी बरतने की सलाह दी। कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमके मौर्य, डॉ. कामिनी,विनीत गुप्ता,एसके केरकेट्टा,क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मिलिंद सिंह, एनसीसी अधिकारी पंकज अहिरवार,गिरिजा सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार,दीपिका स्वर्णकार,लाइब्रेरियन चमन कुमार सहित विभिन्न गतिविधियों के प्रभारी प्राध्यापक उपस्थित रहे।


Share

Check Also

एमसीबी@ विश्व आदिवासी दिवस पर गुलाब कमरो का भाजपा सरकार पर हमला,बोले…‘सत्ता मिलते ही आदिवासियों को भूल गए मुख्यमंत्री

Share मुख्यमंत्री के बधाई संदेश और सरकारी प्रचार को लेकर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल,जल-जंगल-जमीन …

Leave a Reply