सौरव मिश्रा ने थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की,बोले…20 फीट ऊंचाई पर लगी लाइटें आखिर कैसे हुईं गायब?
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,09 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय राजमार्ग के विद्युत खंभों से स्ट्रीट लाइटें गायब होने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता थाने पहुंचे। कांग्रेस का कहना है कि बैकुंठपुर से मनेंद्रगढ़ की ओर आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर की शुरुआत से लेकर नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की सीमा तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें गायब हैं, इसके कारण रात के समय सड़क का बड़ा हिस्सा अंधेरे में रहता है और वाहन चालकों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
20 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी लाइटें कैसे हुईं गायब?-सौरव मिश्रा ने सवाल उठाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के विद्युत खंभों पर 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटें आखिर कैसे गायब हो गईं,उनका कहना है कि इतनी ऊंचाई पर लगी लाइटों को हटाने के लिए लिफ्टर या बकेट वाहन जैसे विशेष उपकरणों की आवश्यकता होती है, उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान क्षेत्र में संचालित हाइड्रोलिक लिफ्टर और बकेट वाहनों की जानकारी जुटाई जाए तथा यह पता लगाया जाए कि संबंधित अवधि में ऐसे कौन से वाहन घटनास्थल के आसपास पहुंचे थे, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच कराई जाए।
यह केवल लाइट चोरी का मामला नहीं-कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला केवल स्ट्रीट लाइटों के गायब होने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा है, यदि इतनी बड़ी संख्या में सरकारी संपत्ति गायब हुई है तो संबंधित विभाग को इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई,यह जांच का विषय है, उन्होंने कहा कि यदि लाइटें चोरी हुई हैं तो उन्हें हटाने वाले लोगों और इसमें इस्तेमाल हुए वाहनों की पहचान की जानी चाहिए,वहीं, यदि किसी अन्य कारण से लाइटें हटाई गई हैं तो संबंधित विभाग को इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
किसी व्यवस्था को छिपाने के लिए तो नहीं हटाई गईं लाइटें?-सौरव मिश्रा ने जांच के दौरान इस पहलू को भी शामिल करने की मांग की कि कहीं किसी नगरीय निकाय की अपनी व्यवस्था या किसी अन्य स्तर की नाकामी को छिपाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की स्ट्रीट लाइटें तो नहीं हटाई गईं,उन्होंने कहा कि यह फिलहाल जांच का विषय है और इसकी सच्चाई निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ सकती है।
कांग्रेस नेता व्यंकटेश सिंह ने कहा कि एनएच पर रोशनी की व्यवस्था प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को बयानबाजी के बजाय जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
महामंत्री स्नेहिल शुक्ला ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें गायब होना सामान्य घटना नहीं है, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव ने लिफ्टर वाहनों की जानकारी जुटाने और ष्टष्टभ्ङ्क फुटेज खंगालने की मांग की। पार्षद इमरान खान और यश ताम्रकार ने कहा कि रात में जनता को अंधेरे में एनएच से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने गायब लाइटों को तत्काल पुनः स्थापित कराने की मांग की।
कांग्रेस ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, लाइटें हटाने में इस्तेमाल वाहनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur