
प्रसव कक्ष के बाद अब एनबीएसयू कक्ष भी असुरक्षित
रविवार सुबह करीब 9.30 बजे की घटना,कमरे में कोई मौजूद नहीं होने से बची जान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर भवन की हालत अब मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खतरा बनती जा रही है। रविवार सुबह करीब 9.30 बजे नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनबीएसयू) के एक कमरे की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार रविवार को आपातकालीन ड्यूटी के लिए चिकित्सक के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद एनबीएसयू के कमरे की फॉल सीलिंग गिरने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को दी गई। बताया गया कि उक्त कमरे का उपयोग आपातकालीन ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों के ठहरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में किया जा रहा था। ऐसे में फॉल सीलिंग गिरने की घटना ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले टूट चुका है प्रसव कक्ष : स्वास्थ्य केंद्र का प्रसव कक्ष भी पहले जर्जर होकर क्षतिग्रस्त हो चुका है। अब एनबीएसयू कक्ष की फॉल सीलिंग गिरने से स्वास्थ्य केंद्र की भवन व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। यहां रोजाना उपचार के लिए मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं, वहीं स्वास्थ्यकर्मी भी ड्यूटी करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग को तत्काल भवन का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur