पहले दिन 12 हजार विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ 20 अगस्त तक संभागभर में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में संचालित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुक्रवार को अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले ही दिन विभिन्न विद्यालयों में करीब 12 हजार विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। अभियान की शुरुआत शहर में निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली को भगवानपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अपूर्व तथा मदारी आर्ट के संचालक आनंद गुप्ता ने शिव ध्वज दिखाकर रवाना किया। ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी ने बताया कि यह महाअभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त तक सरगुजा संभाग में संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी एवं निजी कार्यालयों, सामाजिक संस्थाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी। पहले दिन शासकीय मल्टीपरपज स्कूल, मोंटफोर्ट स्कूल, नेहरू विद्या मंदिर, ब्राइट स्टार स्कूल, सारगवा, मेंड्राकला, बोदा, नमनाकला, ठाकुरपुर सहित बतौली, बलरामपुर, बैकुंठपुर एवं सूरजपुर के अनेक विद्यालयों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्ति की शपथ ली। अभियान के अंतर्गत पहले दिन लगभग 12 हजार विद्यार्थियों तक संदेश पहुंचाया गया। इस अभियान में बीके रेखा बहन, बीके ममता बहन, बीके संजू बहन, बीके उमा बहन, बीके पार्वती बहन, बीके सरिता, बीके मंजू बहन, बीके अहिल्या बहन, बीके लल्लू भाई, बीके मनोज भाई एवं बीके उमेश भाई सहित अनेक ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। बीके विद्या दीदी ने बताया कि अंबिकापुर के अलावा संभाग के अन्य 11 ब्रह्माकुमारीज सेवाकेंद्रों के माध्यम से भी यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर स्वस्थ और संस्कारित समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur