जर्जर सडक से परेशान ग्रामीणों का अनोखा
प्रदर्शन, बोले…एंबुलेंस तक नहीं पहुंचती गांव….
-संवाददाता-
लुण्ड्रा,06 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। लुण्ड्रा विकासखंड की ग्राम पंचायत उदारी के बैरापारा स्थित अटल चौक के पास ग्रामीणों ने जर्जर सडक के विरोध में सडक पर ही धान की रोपाई कर अनोखा प्रदर्शन किया। गुरुवार दोपहर इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से सडक निर्माण की मांग की जा रही है। सरपंच, सचिव और जनप्रतिनिधियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सडक नहीं बन सकी। बारिश के दौरान सडक पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि खराब सडक के कारण गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज को भी कई बार समस्या बताई गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। आक्रोशत ग्रामीणों ने सडक पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया और जल्द सडक निर्माण की मांग की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur