Breaking News

मनेंद्रगढ़@ अंधेरे में डूबा मनेंद्रगढ़,सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक…कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Share

बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने और आवारा मवेशियों को कंजी हाउस/गौठान भेजने की मांग,कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
शहर में नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शहर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने की मांग की गई, कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है शहर
ज्ञापन में बताया गया कि नगर के अधिकांश वार्डों,मुख्य बाजार,खेडि़या तिराहा से पीडब्ल्यूडी चौक सहित कई प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, इसके कारण शाम होते ही सड़कें अंधेरे में डूब जाती हैं, इससे महिलाओं,विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वहीं असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है।
करोड़ों खर्च, फिर भी नहीं मिल रही सुविधा
कांग्रेस का कहना है कि नगर पालिका द्वारा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन समय पर रखरखाव और मरम्मत नहीं होने से जनता को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है और नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
आवारा पशु बन रहे दुर्घटनाओं का कारण
ज्ञापन में शहर की दूसरी बड़ी समस्या आवारा पशुओं को बताया गया है,मुख्य बाजार,बस स्टैंड, खेडि़या तिराहा,पीडब्ल्यूडी चौक सहित कई व्यस्त मार्गों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, इससे दोपहिया वाहन चालकों,स्कूली बच्चों,बुजुर्गों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना रहता है,कांग्रेस का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।
कंजी हाउस और गौठान भेजने की मांग
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका विशेष अभियान चलाकर सभी आवारा पशुओं को पकड़कर कंजी हाउस अथवा गौठान में सुरक्षित भेजे, साथ ही शहर की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी, यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो जनभावनाओं के अनुरूप लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ परवाज’ कार्यक्रम में छात्राओं से खुला संवाद,तस्करी,नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर किया जागरूक

Share ‘सेवा किटी समूह ने सरगावां स्कूल की छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का …

Leave a Reply