Breaking News

अम्बिकापुर@बलात्कार के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश आदिवासी समाज ने एसपी कार्यालय का किया घेराव

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे भफौली गांव में नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को सर्व आदिवासी समाज का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट गेट के सामने धरने पर बैठ गए। भारी बारिश के बावजूद वे अपनी मांग पर डटे रहे। जानकारी के अनुसार भफौली गांव की उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर घर में काम करने वाली नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने से पहले ही आरोपी फरार हो गया था और अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर आदिवासी समाज में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने में विफल रहने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीडि़ता को न्याय मिल सके।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ परवाज’ कार्यक्रम में छात्राओं से खुला संवाद,तस्करी,नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर किया जागरूक

Share ‘सेवा किटी समूह ने सरगावां स्कूल की छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का …

Leave a Reply