Breaking News

अम्बिकापुर@सुपरमैन की उड़ान जारी… छोटे खिलाड़ी आउट,लेकिन ‘विलेन’ अब भी स्क्रिप्ट से गायब!

Share


इंजेक्शन,कैप्सूल,महुआ शराब के बाद अब 18 पेटियों में 900 पाव मध्यप्रदेश की गोवा व्हिस्की जब्त…सुपरमैन रंजीत गुप्ता की लगातार कार्रवाई से चर्चा तेज,लेकिन सवाल वही-क्या असली ‘डॉन’ अब भी पर्दे के पीछे है?


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता के सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुपरमैन रंजीत गुप्ता को लोग अब मजाक-मजाक में नहीं,बल्कि गंभीरता से‘सुपरमैन’कहने लगे हैं। कारण भी साफ है। पिछले कुछ महीनों में शायद ही कोई ऐसा सप्ताह गुजरा हो,जब उनकी टीम ने किसी न किसी नशे के कारोबारी,कथित सप्लायर या अवैध शराब तस्कर को पकड़कर जेल नहीं भेजा हो। ताजा कार्रवाई में उड़नदस्ता ने उदयपुर क्षेत्र के नुनेरा गांव से मध्यप्रदेश की 18 पेटियों में रखी 900 पाव (162 लीटर) गोवा व्हिस्की जब्त कर दो आरोपियों—ब्रिजलाल पैकरा और गौरव जायसवाल—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आबकारी विभाग के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पंच ब्रिजलाल पैकरा के घर दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पूछताछ में ब्रिजलाल ने शराब गौरव जायसवाल की बताई और बाद में गौरव ने भी शराब अपनी होना स्वीकार कर लिया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं 34(2), 36 और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।
हर कार्रवाई में कहानी लगभग एक जैसी रही—एक आरोपी पकड़ा,उसने दूसरा नाम बताया और अगले दिन दूसरा आरोपी जेल में।
सुपरमैन की स्पीड पर कोई सवाल नहीं…लेकिन मंजिल पर जरूर है : सुपरमैन रंजीत गुप्ता की सक्रियता पर शायद ही कोई सवाल उठे। मुखबिर की सूचना मिलते ही दबिश,कुछ घंटों में गिरफ्तारी और अगले दिन न्यायिक रिमांड—यह सिलसिला लगातार जारी है। यही वजह है कि विभाग के भीतर और बाहर उन्हें ‘सुपरमैन’ कहने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। लेकिन हर सफल कार्रवाई के साथ एक नया सवाल भी जन्म ले रहा है। यदि हर आरोपी किसी दूसरे सप्लायर का नाम बता रहा है,तो क्या यह पूरी श्रृंखला केवल स्थानीय स्तर तक ही सीमित है? या फिर इसके ऊपर भी कोई ऐसा नेटवर्क है,जो हर बार जांच की पहुंच से थोड़ा आगे खड़ा दिखाई देता है?
ऑपरेशन क्लीन या ‘सीरियल ऑपरेशन’?
यदि पिछले डेढ़-दो महीने की कार्रवाई पर नजर डालें तो ऐसा लगता है कि ऑपरेशन क्लीन अब किसी वेब सीरीज की तरह हर सप्ताह नया एपिसोड लेकर आ रहा है। पहले वाहिद अंसारी पकड़ा गया तो मोशीम अंसारी सामने आया। फिर साहिल तिर्की से नितीश गुप्ता तक टीम पहुंची। सीतापुर में सजाद अली के बाद महबूब खान गिरफ्तार हुआ। ब्रह्मपारा में आशा पांडेय पकड़ी गई तो 24 घंटे में राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन जेल पहुंच गया। इसके बाद अविनाश पैकरा से पूछताछ हुई तो बलरामपुर के अमर विश्वकर्मा उर्फ बिट्टू को जंगल से पकड़ लिया गया। गंगापुर में विजय गिरी के घर से 200 किलो महुआ लाहन,15 लीटर हाथ भट्ठी शराब और चलती भट्ठी बरामद हुई। और अब नुनेरा गांव में 18 पेटी मध्यप्रदेश की विदेशी शराब बरामद हो गई।
90 प्रतिशत विक्रेता जेल में… फिर बाजार खाली क्यों नहीं?
कुछ दिन पहले स्वयं आबकारी विभाग ने दावा किया था कि अंबिकापुर के 90 प्रतिशत नशीले इंजेक्शन विक्रेता जेल जा चुके हैं।
यदि ऐसा है तो फिर समय-समय पर नए विक्रेता,नए सप्लायर और नई खेप आखिर कहां से आ रही है?
यह प्रश्न केवल विपक्ष या आम जनता का नहीं, बल्कि उन लोगों का भी है जो लगातार हो रही कार्रवाई की सराहना करते हुए चाहते हैं कि अब जांच उस स्तर तक पहुंचे जहां से पूरा नेटवर्क संचालित होता है।
अब शराब भी सीमा पार से…
ताजा कार्रवाई ने एक और संकेत दिया है कि अब केवल नशीले इंजेक्शन ही नहीं,बल्कि पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से विदेशी शराब की तस्करी का नेटवर्क भी सक्रिय है। 18 पेटियों में 900 पाव शराब की बरामदगी यह बताती है कि अवैध कारोबार छोटे स्तर का नहीं था। ऐसे में स्वाभाविक रूप से यह सवाल उठता है कि इतनी बड़ी खेप सीमाएं पार कर गांव तक पहुंची कैसे? क्या केवल दो लोगों की गिरफ्तारी से पूरा मामला समाप्त मान लिया जाए या इसके पीछे मौजूद परिवहन,भंडारण और आपूर्ति नेटवर्क की भी गहराई से जांच होनी चाहिए?
चर्चा में सुपरमैन…अंबिकापुर में आजकल एक चर्चा खूब सुनाई देती है…
‘सुपरमैन हर बार विलेन के गुर्गों को पकड़ लाते हैं,लेकिन फिल्म का असली विलेन अब तक इंटरवल के बाद भी स्क्रीन पर नहीं आया। ‘यह टिप्पणी व्यंग्य जरूर है,लेकिन इसके पीछे जनता की अपेक्षा भी छिपी है। लगातार कार्रवाई से यह साबित हुआ है कि आबकारी उड़नदस्ता सक्रिय है,लेकिन अब लोगों की नजर उस दिन पर टिकी है,जब केवल फुटकर विक्रेता या स्थानीय सप्लायर नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाले बड़े चेहरे भी कानून के शिकंजे में दिखाई देंगे। क्योंकि ऑपरेशन क्लीन की असली सफलता तब मानी जाएगी,जब हर कार्रवाई के बाद नया नाम सामने आने के बजाय पूरा नेटवर्क एक साथ ध्वस्त होता दिखाई दे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ परवाज’ कार्यक्रम में छात्राओं से खुला संवाद,तस्करी,नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर किया जागरूक

Share ‘सेवा किटी समूह ने सरगावां स्कूल की छात्राओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का …

Leave a Reply