Breaking News

अम्बिकापुर@ सुरक्षित कैंपस’ की पहल : छात्र-छात्राओं ने संभाली जागरूकता की कमान

Share

राजीव गांधी पीजी कॉलेज में पॉश एक्ट और यौन उत्पीड़न रोकथाम पर अभियान,सर्वे के जरिए सुरक्षा सुधार के सुझाव भी दिए
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में छात्र-छात्राओं ने सुरक्षित एवं जागरूक परिसर के निर्माण की दिशा में पहल करते हुए पॉश एक्ट, यौन उत्पीड़न रोकथाम और विशाखा समिति की भूमिका पर जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल, विशाखा समिति तथा मुहिम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के पांच विद्यार्थियों अंकिता,प्रीति,भूमिका,आशुतोष और अंबिके ने किया। उन्होंने छात्राओं के बीच किए गए सर्वेक्षण के निष्कर्ष प्रस्तुत करते हुए परिसर के उन स्थानों की जानकारी साझा की,जहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता महसूस की गई। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी (क्विज़) एवं अन्य संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से पॉश एक्ट और यौन उत्पीड़न से जुड़े अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। कार्यशाला में लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया,जिनमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़ने की जरूरत : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा इतने महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर नेतृत्व करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों की समझ विकसित कर अपने व्यक्तित्व का भी समग्र विकास करना चाहिए।
विशेषज्ञों ने बताए अधिकार और कानूनी प्रावधान : कार्यक्रम में विशाखा समिति की संयोजक डॉ. संगीता पाण्डेय तथा सोशल इनोवेशन एंड कम्युनिटी इंगेजमेंट सेल के संयोजक डॉ. दीपक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वहीं विधि विभाग की डॉ. पूनम ने तकनीकी सत्र के दौरान पॉश एक्ट, यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों तथा शिकायत निवारण की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कामिनी ने आभार व्यक्त किया।
सहयोगी संस्थाओं की रही सक्रिय भागीदारी : इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एस.एन. पाण्डेय, आईक्यूएसी संयोजक डॉ. उमेश कुमार पांडेय, डॉ. माधवेन्द्र तिवारी, डॉ. रजनी सारथी तथा डॉ. अनुजा कुजूर उपस्थित रहीं। वहीं मुहिम फाउंडेशन की ओर से आकृति, रोस और ऋषिकेश ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उल्लेखनीय है कि यह अभियान चलाने वाले पांचों विद्यार्थी राजीव गांधी पीजी कॉलेज एवं मुहिम फाउंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से संचालित ‘यूथ लीडरशिप एंड कम्युनिटी एक्शन’ प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के प्रतिभागी हैं। विद्यार्थियों की यह पहल महाविद्यालय परिसर को अधिक सुरक्षित, समावेशी और संवेदनशील बनाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास मानी जा रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर …

Leave a Reply