संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा निकालेगी जिलेभर में कलश यात्रा,समरसता और सामाजिक सद्भाव का दिया जाएगा संदेश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026,घटती-घटना)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश अब सरगुजा जिले में समरसता,समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर भ्रमण करेगी। यह अभियान गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर आगामी माघ पूर्णिमा तक चलेगा। रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,संत समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पवित्र कलशों का पूजन किया गया। इसके बाद प्रदेश के सभी 36 संगठनात्मक जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश सौंपे गए तथा कलश यात्रा रथों को रवाना किया गया। भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया जिला टोली के साथ पवित्र कलश लेकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो चुके हैं। कलश बुधवार को अंबिकापुर पहुंचेगा,जहां राम मंदिर में श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं पूजन के बाद जिले के विभिन्न मंडलों में भ्रमण करेगा। जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने तथा संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। वाराणसी से आई पवित्र माटी युक्त कलश का जिलेभर में श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा और इसके माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद हर्ष,मधुसूदन शुक्ला,संतोष दास,वैभव सिंह देव, आरडी चौहान,राधा रवि,आशीष गुप्ता,कमलेश तिवारी,मनोज कंसारी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur