Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अम्बिकापुर@सब-इंजीनियर के सूने मकान से 20 लाख के जेवर-कैश पार

Share


काशी दर्शन पर गए थे दंपती,लौटे तो टूटा मिला ताला;सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर,डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने की जांच…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित कोणार्क रेसीडेंसी में चोरों ने एनएच विभाग में पदस्थ सब-इंजीनियर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय सब-इंजीनियर पत्नी के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए बनारस गए थे। सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एनएच विभाग में पदस्थ सब-इंजीनियर रितेश सिंह का मकान कोणार्क रेसीडेंसी में है। 1 अगस्त को वे पत्नी के साथ बनारस गए थे। घर में उनकी मां और बच्चे मौजूद थे, लेकिन शनिवार शाम करीब 7 बजे वे भी पुराने घर नमनाकला चले गए। इसके बाद मकान पूरी तरह सूना हो गया। 3 अगस्त की रात जब रितेश सिंह पत्नी के साथ लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर मुख्य दरवाजे का सेंट्रल लॉक भी टूटा हुआ था। तीनों बेडरूम की आलमारियों के ताले टूटे मिले और उनमें रखे करीब 25 हजार रुपए नकद तथा 18 से 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। घटना देखकर दंपती ने तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
डीवीआर भी साथ ले गए चोर : सूचना पर मंगलवार सुबह पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड ने कुछ स्थानों तक सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन बाद में दिशा भटक गई। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगर और फुट प्रिंट के नमूने जुटाए। प्रारंभिक जांच में एक बेडरूम की खिडकी की ग्रिल टूटी मिली है। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से फरार हुए। मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन आरोपी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। अब पुलिस आसपास के मकानों और संभावित भागने के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,04 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर …

Leave a Reply