9 अगस्त को होगा जिला स्तरीय भव्य आयोजन,समाज की संस्कृति,परंपरा और एकता को मिलेगा नया आयाम
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी),03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस 2026 के जिला स्तरीय आयोजन की तैयारियों को लेकर सर्व आदिवासी समाज, जिला एमसीबी के तत्वावधान में गोंडवाना भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं समाजजनों ने भाग लेकर आयोजन को भव्य,गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की। बैठक में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, जिला संरक्षक परमेश्वर गुरुजी, जिला अध्यक्ष शरण सिंह,आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मरावी,अमर सिंह,भगवान सिंह सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे, सभी ने विश्व आदिवासी दिवस को समाज की सांस्कृतिक पहचान और एकता का प्रतीक बताते हुए आयोजन को व्यापक स्वरूप देने पर सहमति व्यक्त की, बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली
संस्कृति, परंपराओं,इतिहास, भाषा, लोककला,लोकजीवन एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता का माध्यम भी बनेगा,कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,पारंपरिक वेशभूषा,सामाजिक संदेशों पर आधारित आयोजन और समाज की विभिन्न उपलब्धियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
सभी वर्गों की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर…
बैठक में समाज के युवाओं, महिलाओं,छात्र-छात्राओं तथा वरिष्ठ नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया,आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन,जिम्मेदारियों के निर्धारण,प्रचार-प्रसार,स्वागत व्यवस्था,सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश-वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति संरक्षण,सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों का संवाहक रहा है। विश्व आदिवासी दिवस के माध्यम से समाज की एकता,पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा,पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं। उनका संरक्षण और संवर्धन समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है,उन्होंने जिले के सभी समाजजनों से 9 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया,बैठक के अंत में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने जिले के सभी समाजजनों,युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की,ताकि समाज की एकता,संस्कृति और गौरव का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur