Breaking News

अम्बिकापुर@अंडा नहीं मिला तो 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक

Share


लखनपुर के जमगला गांव की घटना,पुलिस व ग्रामीणों की समझाइश के बाद सुरक्षित उतारा गया नीचे,मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की चर्चा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में रविवार को एक युवक अंडा नहीं मिलने से नाराज होकर करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर की ऊंचाई पर खड़ा देख ग्रामीणों में हडकंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार ग्राम जमगला निवासी शिवशंकर (20-25 वर्ष), पिता सुकुल को रोज अंडा खाने की आदत थी। रविवार सुबह उसे अंडा नहीं मिला तो वह नाराज होकर गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ते देख परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा लगातार उसे नीचे उतरने की समझाइश देते रहे,लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनपुर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाया और भरोसा दिलाया कि उसे अंडा खाने के लिए दिया जाएगा। परिजनों और ग्रामीणों ने भी उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाया। काफी देर की मशक्कत के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया,जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक कौतूहल का माहौल बना रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति कुछ समय से सामान्य नहीं बताई जा रही है। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।


Share

Check Also

खड़गवां@ जांच या शिकायतकर्ता से जवाब-तलब? एफएमडी टीकाकरण जांच पर उठे नए सवाल

Share रायपुर से आई जांच समिति के रवैये पर शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप,फोन पर …

Leave a Reply