
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने अपना प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के नेतृत्व में शहर के गोधनपुर मोहल्ले और ग्राम मेन्द्राकला में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से स्मार्ट मीटर के विरोध में तैयार मांग-पत्र पर हस्ताक्षर कराए और जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं,वहां ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ लिखे स्टीकर चिपकाए। प्रदेश कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में दो माह तक आंदोलन चलाने की घोषणा की है। इसी के तहत 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता कर आंदोलन की रूपरेखा जारी की गई थी। सरगुजा में अब इसकी शुरुआत जनसंपर्क अभियान से की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता उपभोक्ताओं से हस्ताक्षर कराकर सरकार से स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने और पूर्व की बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग कर रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का प्रचार कर रही है, लेकिन स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के जरिए आम लोगों से उससे अधिक राशि वसूली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक हाथ से सहायता देती है और दूसरे हाथ से बिजली बिल के माध्यम से उसे वापस ले लेती है। इसी संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए स्मार्ट मीटरों पर ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ के स्टीकर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता मांग-पत्र पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जिससे स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर जनता की नाराजगी साफ दिखाई देती है। अभियान में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता,अंबिकापुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा,मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा, मिथुन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur