Breaking News

अम्बिकापुर@ महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा अभियान शुरू

Share

दो माह तक चलेगा जनआंदोलन,घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता;उपभोक्ताओं से भरवाए जाएंगे आवेदन,बिजली कार्यालयों का करेंगे घेराव
संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)
। महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार से सरगुजा जिले में भी दो माह तक चलने वाले चरणबद्ध जनआंदोलन की शुरुआत हुई। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा जारी करते हुए प्रदेश सरकार की बिजली नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर अब सड़क से लेकर गांव-गांव तक संघर्ष करने का ऐलान किया है।
जनता की समस्याओं को लेकर घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता आदित्येश्वर सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों का सीधा असर आम बिजली उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती बिजली दरों से किसान, छोटे व्यापारी,मध्यम वर्गीय परिवार और गरीब उपभोक्ता सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा अधिक बिल आने,मीटर व्यवस्था को लेकर असमंजस और अन्य समस्याओं की शिकायतें की जा रही हैं। कांग्रेस इन शिकायतों को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाएगी,बल्कि उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्याओं को एकत्र कर सरकार और बिजली विभाग तक पहुंचाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनसे आवेदन भरवाएंगे। इन आवेदनों के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियों का दस्तावेज तैयार किया जाएगा।
2 अगस्त से बूथ, गांव और वार्ड स्तर पर अभियान
कांग्रेस नेता आदित्येश्वर सिंहदेव ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता कर अभियान की शुरुआत की गई है। इसके बाद 2 अगस्त से बूथ, गांव, वार्ड और पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू होगा। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। बिजली बिल में वृद्धि, स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें और उपभोक्ताओं की अन्य समस्याओं को लेकर आवेदन भरवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा,ताकि अधिक से अधिक लोगों तक आंदोलन की जानकारी पहुंच सके और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
ब्लॉक से जिला स्तर तक सौंपे जाएंगे आवेदन
कांग्रेस ने आंदोलन की आगामी रणनीति बताते हुए कहा कि घर-घर से प्राप्त आवेदनों को पहले ब्लॉक कांग्रेस समितियों के पास जमा किया जाएगा। इसके बाद जिला कांग्रेस समितियां बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव कर अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपेंगी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार,आवेदन सौंपने के दौरान बिजली विभाग से उसकी प्राप्ति रसीद भी ली जाएगी, ताकि जनता की शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और विभाग द्वारा इसके बाद भी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और तेज किया जाएगा। इसके तहत मुख्यमंत्री निवास घेराव जैसे बड़े कार्यक्रम भी किए जाएंगे।
भाजपा सरकार पर लगाए जनविरोधी नीतियों के आरोप
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय बिजली को महंगा कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। पार्टी ने मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि पर पुनर्विचार किया जाए और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और जब तक उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिलेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस ने तैयार की आंदोलन की रणनीति
प्रेसवार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि पूरे जिले में संगठन के माध्यम से चलाया जाएगा। ब्लॉक,मंडल,बूथ और पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि बिजली जैसे सीधे जनता से जुड़े मुद्दे को लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा और सरकार पर जनहित में निर्णय लेने का दबाव बनाया जाएगा।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक,जेपी श्रीवास्तव,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता,पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

विश्रामपुर/सूरजपुर@ तीन वर्षों से बंद पड़ा निजी ट्रांसफार्मर हटाया गया

Share नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल लाई रंग,फौजी गली के लोगों को मिली …

Leave a Reply