संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। खुद को पत्रकार बताने वाले संतोष सोनी को राजपुर पुलिस ने धोखाधड़ी और एससी-एसटी एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद से मोबाइल बंद कर झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने बदल रहा था। मुखबिर की सूचना पर अंबिकापुर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने आरोपी को 14 अगस्त तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार वन विभाग में बीट गार्ड राकेश प्रसाद लकड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2023 में संतोष सोनी ने पुरानी स्कॉर्पियो बेचने का सौदा 4.25 लाख रुपये में किया। आरोपी ने दो लाख चार हजार रुपये नकद लेने के बाद शेष 2.21 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी लगातार भुगतान टालता रहा।
पैसे मांगने पर जातिसूचक गाली देने का आरोप : शिकायत के मुताबिक 12 मई 2026 को जब पीडि़त अपने साथी के साथ रकम मांगने आरोपी की दुकान पहुंचा तो आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और धमकाते हुए भगा दिया। इसके बाद राजपुर थाना में बीएनएस की धारा 296 तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
कई मामलों में पहले से आरोपी : पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर पहले से कई धोखाधड़ी के मामले न्यायालय में लंबित हैं। आरोप है कि वह सामान उपलब्ध कराने या वाहन का सौदा करने के नाम पर लोगों से पैसे लेता था और भुगतान के लिए ऐसे बैंक खातों के चेक देता था, जिनमें पर्याप्त राशि नहीं होती थी। पुलिस के अनुसार बलरामपुर न्यायालय से उसके खिलाफ वारंट भी जारी था।
’कथित पत्रकार’ शब्द क्यों?
पुलिस ने अपनी कार्रवाई में आरोपी को ‘कथित पत्रकार’ बताया है। इसका अर्थ यह है कि आरोपी स्वयं को पत्रकार बताता था, लेकिन उसकी पत्रकारिता से जुड़ी वैध मान्यता या आधिकारिक स्थिति की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। इसलिए मामले में उसे पत्रकार नहीं, बल्कि खुद को पत्रकार बताने वाला आरोपी माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके खिलाफ लंबित अन्य मामलों की भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur