Breaking News

अम्बिकापुर@दो बड़े मामलों में पुलिस पर बढ़ा दबाव गिरफ्तारी को लेकर सडक पर उतरे लोग

Share


दुष्कर्म मामले में कोतवाली का घेराव,करोड़ की उठाईगिरी पर सीतापुर में पांच घंटे चक्काजाम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिले के दो चर्चित आपराधिक मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अंबिकापुर में नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया,वहीं भाजपा महिला मोर्चा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। दूसरी ओर सीतापुर में एक करोड़ रुपए के जेवरात की उठाईगिरी का खुलासा नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर पांच घंटे तक नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया। दोनों मामलों में लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
दुष्कर्म के आरोपी पर 5 हजार का इनाम,फिर भी गिरफ्त से दूर : ग्रामीण क्षेत्र में 20 जुलाई को नाबालिग आदिवासी बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी तरुण जायसवाल अब तक फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी और सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे नाराज परिजन और ग्रामीण गुरुवार शाम पूर्व पार्षद सतीश बारी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुभंगी बिहाड़े ने कहा कि पीडि़ता और उसका परिवार भय और सदमे में है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जरूरी है।
करोड़ की उठाईगिरी से व्यापारियों में नाराजगी : सीतापुर में 26 जुलाई को ज्वेलरी व्यवसायी की स्कूटी से करीब एक करोड़ रुपए के जेवरात से भरा बैग चोरी होने के मामले में भी अब तक आरोपियों का सुराग नहीं मिला है। इससे नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार को बाजार बंद रखकर कारगिल चौक पर चक्काजाम किया। उनका कहना है कि घटना सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने व्यापारियों से चर्चा कर मामले के खुलासे के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। आश्वासन के बाद शाम पांच बजे चक्काजाम समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस को निर्बाध आवाजाही की अनुमति दी गई, जबकि अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल ने किया रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण उत्कृष्ट जवान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,31 जुलाई 202६ (घटती-घटना)। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को रक्षित …

Leave a Reply