Breaking News

अम्बिकापुर@नाबालिग आदिवासी बालिका दुष्कर्म मामला…गिरफ्तारी में देरी पर भाजपा का हल्लाबोल

Share


एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन,पीडि़त परिवार पर दबाव बनाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
भाजपा का आरोप : प्रभाव के चलते गिरफ्तारी में देरी,न्याय प्रक्रिया प्रभावित करने की हो रही कोशिश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के चर्चित नाबालिग आदिवासी बालिका दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को सियासी पारा चढ़ गया। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध दर्ज कराया और आरोपी तरुण जायसवाल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए एसपी को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से पीडि़त परिवार में भय का माहौल है, जबकि प्रभावशाली लोगों द्वारा मामले को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि आदिवासी समाज की अस्मिता और बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में यदि आरोपी खुलेआम घूमता रहे और पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करे तो इससे कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास कमजोर होता है।
समझौते के लिए बनाया जा रहा दबाव : भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के परिजन लगातार पीडि़त परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के परसा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच विवेक पैकरा तथा उनके परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा कथित रूप से आर्थिक प्रलोभन देकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने मांग की कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रभावशाली लोगों द्वारा न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयासों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इससे आम लोगों का न्याय व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।
आदिवासी समाज अपनी बेटियों के सम्मान पर समझौता नहीं करेगा
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिंदेश्वरी पैकरा ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के प्रश्न पर किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। यदि उसकी जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो पीडि़ता,उसके परिजनों और अन्य गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं बल्कि पूरे आदिवासी समाज के सम्मान और न्याय का प्रश्न है।
भफौली पहुंचा था महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने बताया कि हाल ही में महिला मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल ग्राम भफौली पहुंचकर पीडि़ता और उसके परिजनों से मिला था। उन्होंने कहा कि परिवार अभी भी भय और मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहा है तथा उसे न्याय मिलने की उम्मीद पुलिस की निष्पक्ष कार्रवाई पर टिकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस कठिन समय में पीडि़त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य हैं और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
भाजपा ने एसपी से कीं ये प्रमुख मांगें…
– मुख्य आरोपी तरुण जायसवाल को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
– पीडि़त परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
– मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध विवेचना पूरी की जाए।
– समझौते के लिए दबाव,धमकी या आर्थिक प्रलोभन देने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अरुणा सिंह, निलेश सिंह, सत्यम साहू, जन्मेजय मिश्रा, रूपेश दुबे, रविकांत उरांव, प्रियंका चौबे, सरस्वती यादव, अनीश सिंह, अविनाश मंडल सहित भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, महिला मोर्चा और पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ डीआईजी-एसएसपी राजेश अग्रवाल ने किया रक्षित केंद्र का वार्षिक निरीक्षण उत्कृष्ट जवान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,31 जुलाई 202६ (घटती-घटना)। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को रक्षित …

Leave a Reply