डेढ़ घंटे तक छात्रों ने नेतृत्व,अनुशासन और महतारी वंदन योजना पर पूछे बेबाक सवाल सिंहदेव बोले…केवल अंक नहीं,चरित्र,कौशल और अनुशासन भी सफलता की कुंजी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की प्रेरणा से सरगुजा जिला एनएसयूआई ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ‘छात्र संवाद’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान का पहला कार्यक्रम शहर के निजी विद्यालय माउंट लिटेरा स्कूल में आयोजित हुआ, जहां सिंहदेव ने करीब डेढ़ घंटे तक स्कूली विद्यार्थियों के जिज्ञासापूर्ण और गंभीर सवालों का जवाब दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी के व्यवहारिक अनुभवों,शासन-प्रशासन से उनकी अपेक्षाओं और लोकतांत्रिक एवं सामाजिक व्यवस्था को लेकर उनके विचारों को समझना और उनसे संवाद स्थापित करना है। इस दौरान विद्यार्थियों ने नेतृत्व की परिभाषा,नागरिकों में अनुशासन की कमी,दूसरे देशों से तुलना तथा महतारी वंदन योजना जैसी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाओं की उपयोगिता पर खुलकर सवाल किए। एक छात्र के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि‘अच्छा नेता वही होता है,जो जनता की बात सुनकर उनके हित और कल्याण के लिए कार्य करे।’वहीं नागरिक अनुशासन पर उन्होंने कहा कि केवल दबाव बनाकर अनुशासन नहीं लाया जा सकता। स्वच्छता,सफाई और यातायात जैसे विषयों में प्रत्येक नागरिक को स्वयं अनुशासित होना होगा,तभी समाज और देश वास्तविक अनुशासन की दिशा में आगे बढ़ सकेगा। विद्यार्थियों ने महतारी वंदन योजना की राशि को विकास कार्यों में खर्च करने का सुझाव भी रखा। इस पर सिंहदेव ने कहा कि भारतीय राज्य की मूल अवधारणा लोककल्याण से जुड़ी है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सहायता देना सरकार का दायित्व है और उनकी आय में वृद्धि भी विकास की प्रक्रिया को गति देती है।
कार्यक्रम के अंत में सिंहदेव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक हासिल करने से नहीं मिलती, बल्कि सही दृष्टिकोण,मजबूत चरित्र,बेहतर कौशल और अनुशासित जीवनशैली भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर माउंट लिटेरा स्कूल के शिक्षक के.पी. दीक्षित,राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता,नितेश मेहता,प्रतीक दीक्षित और डॉ. बृजेश पांडेय सहित एनएसयूआईजिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल,आलोक सिंह,नीतीश चौरसिया,सतीश बारी,धीरज गुप्ता,अंकित जायसवाल,अतुल यादव एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। एनएसयूआई ने बताया कि ‘छात्र संवाद’अभियान पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की उपस्थिति में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में आगे भी लगातार आयोजित किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur