अवैध वसूली के आरोप से वाहन मालिक परेशान
बदहाल सडक और जल निकासी की समस्या से प्रतिदिन हजारों टन कोयला परिवहन बाधित
,खदान के बाहर लगी ट्रकों की लंबी कतार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। लखनपुर स्थित एसईसीएल की अमेरा कोल माइंस में अव्यवस्था,बदहाल सडक और कथित अवैध वसूली के आरोपों के कारण कोयला उत्पादन और परिवहन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। खदान में आने वाले ट्रक चालकों और वाहन मालिकों ने आरोप लगाया है कि पार्किंग के नाम पर प्रति वाहन 600 रुपये की वसूली की जा रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार,अमेरा कोल माइंस से प्रतिदिन लगभग 4,000 टन कोयले की सप्लाई का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन लगातार बारिश, सडक पर कीचड़ और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण वर्तमान में केवल 300 से 400 टन कोयले की ही सप्लाई हो पा रही है। इससे डीओ होल्डरों और ट्रांसपोर्टरों को प्रतिदिन भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि खदान तक पहुंचने वाली सडक की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। बरसात के कारण सडक पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे ट्रकों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई ट्रक घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं और कई बार वाहन खराब होने की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि खदान तक पहुंचने वाली सडक का निर्माण कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा किया जाना था,लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने के कारण अब स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। इसके चलते खदान के बाहर चार किलोमीटर से अधिक लंबी ट्रकों की कतार लग गई है। गौरतलब है कि लगभग छह महीने पहले ग्रामीणों के विरोध के बावजूद अमेरा कोल माइंस के विस्तार को मंजूरी दी गई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने सडक,प्रदूषण और आधारभूत सुविधाओं को लेकर कई आशंकाएं जताई थीं।
वर्तमान हालात को देखते हुए ग्रामीणों की चिंताएं सही साबित होती नजर आ रही हैं। लिफ्टर मो. समीम और ट्रक चालक धर्मेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि सडक और अव्यवस्था के कारण ट्रांसपोर्ट कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं पार्किंग शुल्क के नाम पर हो रही कथित वसूली से वाहन मालिकों में नाराजगी बढ़ रही है। इस संबंध में अमेरा कोल खदान के सब एरिया मैनेजर ओमप्रकाश अटल ने बताया कि बारिश के कारण कुछ समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। सडक और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि कोयला परिवहन और उत्पादन जल्द सामान्य हो सके। हालांकि अवैध वसूली के आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur