,साथी गंभीर
सोनम वांग्चुक के धरने में शामिल होने बाइक से निकले थे दोनों युवक
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित आंदोलन में शामिल होने जा रहे सरगुजा जिले के दो युवक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सडक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजन घायल युवक और मृतक के शव की जानकारी लेने अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार,सीतापुर विकासखंड के ग्राम आरा निवासी दीपक सिंह (18 वर्ष) और उसका साथी सुरेश सिंह नीट पेपर लीक मामले तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांग्चुक के आंदोलन के समर्थन में दिल्ली जा रहे थे। दोनों युवक 18 जुलाई की रात पल्सर बाइक से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने यात्रा शुरू करने से पहले सोशल मीडिया पर आंदोलन के समर्थन में पोस्ट भी साझा की थी,जिसमें उन्होंने लिखा था कि ‘हमारे सपने बिकाऊ नहीं हैं,हम न्याय लेकर रहेंगे। ‘यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में उनकी बाइक सडक हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दीपक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक का अलीगढ़ के एक अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद अलीगढ़ पुलिस ने युवकों के पास मिले पहचान पत्र और दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद अलीगढ़ पुलिस ने सीतापुर पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। सीतापुर पुलिस ने ग्राम आरा के सरपंच अजीत तिर्की के माध्यम से मृतक एवं घायल युवक के परिजनों को हादसे की सूचना पहुंचाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य तत्काल अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। सीतापुर पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस से सडक दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है। परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है तथा आगे की कार्रवाई अलीगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। युवा दीपक सिंह की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे एक प्रतिभाशाली और जागरूक युवक की दुखद क्षति बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur