स्ट्रीट लाइट,पेयजल,नालियों की सफाई और अधूरे विकास कार्यों पर जताई नाराजगी,जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
-संवाददाता-
शिवपुर-चरचा/कोरिया,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा क्षेत्र में लगातार बनी हुई मूलभूत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है,कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न वार्डों की समस्याओं को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से मुलाकात कर विस्तृत मांगपत्र सौंपा,प्रतिनिधिमंडल ने नगर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं पर चिंता जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस परिवार जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
बंद स्ट्रीट लाइटों से बढ़ रही परेशानी-कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में बताया कि नगर के मुख्य मार्गों सहित कई वार्डों की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं,रात के समय अंधेरा होने के कारण राहगीरों, महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों को आवागमन में भारी परेशानी होती है,साथ ही दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है,उन्होंने नगर पालिका से सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने की मांग की।
नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव की मांग-बरसात के मौसम को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, उनका कहना था कि अधिकांश वार्डों की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बन रही है, इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, उन्होंने सभी नालियों की नियमित सफाई कराने तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की।
पार्क और प्रमुख चौकों की लाइटें भी हों चालू-प्रतिनिधिमंडल ने नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की खराब प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया,उन्होंने महात्मा गांधी चौक,राजीव गांधी चौक,महंत जी पार्क, अटल जी पार्क सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर बंद पड़ी लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की,नेताओं का कहना था कि सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक है।
टेंडर के बाद भी शुरू नहीं हुए विकास कार्य-कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर में कई विकास कार्यों के टेंडर जारी होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हो पाए हैं,उन्होंने मांग की कि जिन कार्यों की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें बिना देरी के शुरू कराया जाए ताकि नगरवासियों को विकास कार्यों का लाभ मिल सके।
पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो-ज्ञापन में नगर की पेयजल व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई वार्डों में लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है, उन्होंने नगर पालिका से प्रतिदिन समय पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
सीएमओ से की त्वरित कार्रवाई की मांग-प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से आग्रह किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े, उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि नगर की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस परिवार चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए होगा।
ये रहे मौजूद
मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष लालमुनी यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेम सागर यादव, सोहेल अहमद (बल्ली मोदी), जागृत कुर्रे, विक्रांत सिंह, सोनू श्रीवास्तव, पंकज मिश्रा, भूपेंद्र यादव, प्रीति किंडो, विजेंद्र कुमार, धर्मवीर यादव, जितेंद्र यादव, मोहम्मद सलीम अंसारी, एजाज गुड्डू, रामाधार, सोनू सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur