शिक्षा मंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग,परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से अंबिकापुर के घड़ी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। जिला कांग्रेस के महामंत्री एवं युवा कांग्रेस-एनएसयूआई प्रभारी आलोक सिंह ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुनने के बजाय उनके साथ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली आवश्यक है। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, शफी अहमद, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, इंदरजीत सिंह धंजल, संजीव मंदिलवार, मैदान जायसवाल, असफाक अली, संजय सिंह, जीवन यादव, आलोक सिंह, अमित कुमार सिंह (रिंकू), सोहन जायसवाल, अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur