Breaking News

अम्बिकापुर@राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति में सरगुजा की मजबूत भागीदारी,चार को मिली जिम्मेदारी

Share


रेड क्रॉस के ‘रक्तदान महादान-अंगदान जीवनदान’ अभियान को मिली पहचान,आकांक्षा श्रीवास्तव बनीं वाइस चेयरमैन

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा गठित 15 सदस्यीय राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति में सरगुजा जिले के चार प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें आकांक्षा श्रीवास्तव को समिति का वाइस चेयरमैन बनाया गया है, जबकि अंजुला गौतम मिश्रा, संध्या सिंह और आर्यन सिन्हा को राज्य स्तरीय सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। विशेष बात यह है कि समिति में सरगुजा से तीन महिला प्रतिनिधियों को स्थान मिला है, जिसे जिले के लिए सम्मानजनक उपलब्धि माना जा रहा है। रेड क्रॉस जिला शाखा के अनुसार यह सफलता वर्षों से चलाए जा रहे ‘रक्तदान महादान-अंगदान जीवनदान’ जनजागरूकता अभियान और स्वयंसेवकों के सतत प्रयासों का परिणाम है।
राज्यपाल को सौंपा गया मांग-पत्र : रायपुर में आयोजित समिति की पहली बैठक में सरगुजा के प्रतिनिधियों ने नेत्रदान, अंगदान और देहदान को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक के बाद राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में शिष्टाचार भेंट कर मांग-पत्र सौंपा। मांग-पत्र में अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को मरणोपरांत गार्ड ऑफ ऑनर देने, विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त) पर अंगदाता परिवारों, चिकित्सकों और ट्रांसप्लांट समन्वयकों का राज्य स्तरीय सम्मान करने सहित कई सुझाव शामिल किए गए।
राज्यपाल ने की पहल की सराहना : राज्यपाल ने समिति की मानवीय पहल की सराहना करते हुए प्रस्तावों पर सकारात्मक मार्गदर्शन दिया और आवश्यक शासन स्तर की कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर समाज में अंगदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। रेड क्रॉस जिला शाखा के चेयरमैन अदितेश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि यह सम्मान केवल चार प्रतिनिधियों का नहीं, बल्कि सरगुजा के पूरे रेड क्रॉस परिवार, स्वयंसेवकों,रक्तदाताओं और समाजसेवियों के वर्षों के समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय समिति छत्तीसगढ़ में अंगदान और मानव सेवा के अभियान को नई दिशा देगी।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@भाजपा जिला कोरिया की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ से शक्ति केंद्र तक संगठन मजबूत करने पर जोर

Share मंडलवार समीक्षा,आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार,बैठकों में उपस्थिति को लेकर भी जारी हुए निर्देश …

Leave a Reply