राधानगर में दिनदहाड़े वारदात,हत्या के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा,आरोपी के घर में लगाई आग
-संवाददाता-
रामानुजगंज,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। स्कूल जा रहे एक शिक्षक की उसके दो चचेरे भाइयों ने रास्ता रोककर चाकू और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस के अनुसार राधानगर निवासी शिक्षक जयकरन जगते (50) सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे बाइक से स्कूल जा रहे थे। घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर पहले से घात लगाकर बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पहले हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, फिर चाकू से गला रेत दिया। गंभीर चोटों के कारण शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची,घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे और सीमांकन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बंटवारे के बावजूद जमीन जोतने और सीमांकन कराने को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। इधर शिक्षक की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी पक्ष के घर में आग लगा दी। आगजनी की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण जमीन विवाद प्रतीत हो रहा है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur