127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर निकाली गई थी राशि,अन्य आरोपी अब भी फरार
-संवाददाता-
सीतापुर,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में हुए करीब 1.92 करोड़ रुपये के कथित केसीसी ऋण घोटाले में सीतापुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में की गई कार्रवाई में दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, अंबिकापुर की पेटला शाखा में केसीसी ऋण वितरण में अनियमितताओं की जांच के दौरान 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था। जांच रिपोर्ट में तत्कालीन प्रभारी शाखा प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार, सहायक लेखापाल शिवशंकर सोनी,कैशियर ललिता सिन्हा,सामान्य सहायक सुमित कुमार,दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार चक्रधारी, तत्कालीन प्राधिकृत अधिकारी मदन सिंह, जोगी राम, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक सैनाथ केरकेट्टा तथा तत्कालीन समिति प्रबंधक को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराया गया। इसके आधार पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी, निवासी अखोराकला थाना जयनगर जिला सूरजपुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur