Breaking News

अम्बिकापुर@अवैध हुकिंग से सिंचाई के दौरान किसान की करंट लगने से मौत

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगांव में अवैध बिजली हुकिंग से खेत की सिंचाई कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई घटना की जानकारी किसी को नहीं लग सकी। किसान रातभर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। शनिवार दोपहर खेत में उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम झरगांव निवासी रतन पैंकरा (41), पिता स्व. सकल राम पैंकरा, धान की रोपाई के लिए खेत में सिंचाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर मोटर पंप चलाया था। शुक्रवार शाम वह खेत में पानी की स्थिति देखने पहुंचा। इसी दौरान कटे हुए नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार दोपहर जब परिजन दोबारा खेत पहुंचे तो रतन का शव धान के खेत में औंधे मुंह पड़ा मिला। उसके शरीर से नंगा बिजली का तार चिपका हुआ था। सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply