Breaking News

अंबिकापुर@गैंग्स ऑफ वासेपुर-अंबिकापुर कनेक्शन में बड़ी कार्रवाई… मोहम्मद जाहिद और जुनैद गिरफ्तार,कई और पुलिस के रडार पर

Share

  • शब्बीर आलम को भगाने के मामले में पहली बड़ी गिरफ्तारी…आईजी ने खुद संभाली जांच की कमान…
  • गैंगस्टर फरारी कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन,जाहिद-जुनैद गिरफ्तार,बैदुल खान की मुश्किलें बढ़ीं…
  • 17 दिन बाद पुलिस का शिकंजा कसना शुरू,शब्बीर फरारी कांड में दो गिरफ्तार, कई और निशाने पर…
  • सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुल रहे राज,गैंगस्टर फरारी मामले में दो गिरफ्तार…
  • गैंगस्टर को भगाने वालों पर पुलिस का शिकंजा,खरसिया नाका से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार…
  • आईजी की सीधी निगरानी में कार्रवाई तेज,गैंगस्टर फरारी कांड में पहली गिरफ्तारी…


-संवाददाता-
अंबिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। गैंग्स ऑफ वासेपुर से जुड़े आजीवन कारावास प्राप्त फरार गैंगस्टर शब्बीर (साबिर) आलम को झारखंड पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर फरार कराने के मामले में आखिरकार सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है,देर रात पुलिस ने मोहम्मद जाहिद और उसके पुत्र जुनैद खान को गिरफ्तार कर लिया,दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग स्वयं सरगुजा आईजी दीपक झा कर रहे हैं, वहीं,पुलिस अधीक्षक भी देर रात तक मामले की निगरानी में मौजूद रहे,पुलिस सूत्रों के अनुसार,यह कार्रवाई कई दिनों से जुटाए जा रहे तकनीकी साक्ष्यों,सीसीटीवी फुटेज,कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर की गई है,जांच अब केवल फरार गैंगस्टर तक सीमित नहीं रह गई है,बल्कि उन सभी लोगों तक पहुंच रही है जिन्होंने कथित रूप से पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली या आरोपी को भागने में सहयोग किया।
आईजी दीपक झा
खुद कर रहे मॉनिटरिंग

सूत्रों के अनुसार इस संवेदनशील मामले में सरगुजा आईजी दीपक झा ने स्वयं कमान संभाल ली है,पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी लगातार अपडेट लिया जा रहा है ताकि जांच में किसी प्रकार की चूक न हो,बताया जा रहा है कि हर महत्वपूर्ण इनपुट की जानकारी सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही है, पुलिस अधीक्षक भी देर रात तक अधिकारियों के साथ बैठकर कार्रवाई की समीक्षा करते रहे।
सीसीटीवी और कॉल
डिटेल से खुल रही परतें…

जांच एजेंसियों के हाथ अब कई महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज लगे हैं, इसके अलावा घटनास्थल और आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, सूत्रों का कहना है कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कौन-कौन लोग वहां मौजूद थे,किसने किससे संपर्क किया और फरार होने के बाद आरोपी किस रास्ते से निकला,इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
बैदुल खान की मुश्किलें बढ़ना तय…
इस पूरे मामले में पहले से अपराध दर्ज होने के बाद फरार चल रहे राजहंस बस संचालक बैदुल खान की मुश्किलें अब और बढ़ती दिखाई दे रही हैं,पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और बैदुल खान के कथित संपर्कों,मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड तथा उसके सहयोगियों की गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है, यदि जांच में नए साक्ष्य सामने आते हैं तो कई और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं तथा अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
बस संचालक से जुड़े लोगों पर भी नजर…
सूत्रों के अनुसार पुलिस केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है। बस संचालन से जुड़े कुछ लोगों, उनके नियमित संपर्कों तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा रही है,बताया जा रहा है कि कई लोगों को पुलिस ने रडार पर लिया है और उनके संबंध में तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पटना से पकड़कर लाई गई पुलिस…
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को पुलिस कोरिया पटना से पकड़कर अंबिकापुर लाई है,दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है,गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद जाहिद,पिता-हाजी मोहम्मद अयूब,उम्र लगभग 58 वर्ष,निवासी खरसिया नाका,न्यू हबीब नगर,अंबिकापुर,जुनैद खान,पिता-मोहम्मद जाहिद,उम्र लगभग 30 वर्ष,निवासी खरसिया नाका,न्यू हबीब नगर,अंबिकापुर,इन दोनों के विरुद्ध धारा 221, 132, 126(2),296(बी),351 एवं 263 के तहत कार्रवाई की गई है,पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शब्बीर आलम को फरार कराने की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
सोशल मीडिया भी जांच के दायरे में….
पुलिस की निगाह सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी है,घटना के बाद वायरल हुए वीडियो, पोस्ट, लाइव प्रसारण तथा अन्य डिजिटल सामग्री का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि पूरे घटनाक्रम की टाइमलाइन स्पष्ट की जा सके।
29 जून की घटना से शुरू हुआ था पूरा मामला…
गौरतलब है कि 29 जून 2026 को झारखंड पुलिस आजीवन कारावास प्राप्त फरार गैंगस्टर शब्बीर (साबिर) आलम को गिरफ्तार करने अंबिकापुर पहुंची थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया और हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया,इसके बाद सरगुजा पुलिस ने बैदुल खान एवं अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किया था। अब लगातार हो रही गिरफ्तारियां यह संकेत दे रही हैं कि जांच निर्णायक चरण में पहुंच रही है।
कई और गिरफ्तारी की संभावना…
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी जांच जारी है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद कुछ और लोगों की गिरफ्तारी से इनकार नहीं किया जा सकता,पूरे मामले पर अब सभी की नजर इस बात पर है कि फरार गैंगस्टर शब्बीर आलम,बैदुल खान तथा अन्य फरार आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचती है और क्या यह जांच केवल कुछ गिरफ्तारियों तक सीमित रहेगी या पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply