मैनपाट के नर्मदापुर में बाहरी लोगों पर माहौल बिगाडऩे,पेड़ काटने और मंदिर परिसर में अवैध कब्जे का आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट विकासखंड के ग्राम पंचायत नर्मदापुर के ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और गांव का माहौल बिगाडऩे का आरोप लगाते हुए कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बाहरी लोगों द्वारा मंदिर परिसर के आसपास अवैध कब्जा करने, पेड़ों की कटाई करने तथा विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम नर्मदापुर के लालमुढ़ा स्थित शासकीय भूमि पर वर्षों पहले मंदिर परिसर का विकास किया गया था। यहां जनसहयोग से सैकड़ों पौधे लगाए गए थे तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समतलीकरण, वृक्षारोपण और अन्य विकास कार्य कराए गए थे। आवेदन के अनुसार पिछले करीब दो माह से बाहरी राज्यों से आए कुछ लोगों ने मंदिर परिसर के आसपास झोपड़ी और शेड बनाकर रहना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ये लोग मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि परिसर में लगे सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। रोकने पर विवाद किया जाता है। आवेदन में कहा गया है कि बाहरी लोगों की गतिविधियों के कारण महिलाएं और बच्चे भी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने से डर रहे हैं। ज्ञापन में कुछ स्थानीय लोगों पर भी बाहरी व्यक्तियों का सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे निजी संपत्ति बनाने की कोशिश की जा रही है। इससे गांव की शांति और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, बाहरी लोगों की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा मंदिर परिसर और वहां लगाए गए पौधों एवं सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur