Breaking News

अम्बिकापुर@गोठान और गौधाम व्यवस्था पर आप ने उठाए सवाल, आवारा पशुओं से किसान परेशान

Share


लव कुमार बोले…योजना का प्रभाव धरातल पर नहीं दिख रहा,सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश में गोठान व्यवस्था और गौधाम योजना की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। पार्टी के अनुसार इसका सबसे अधिक असर किसानों,आम नागरिकों और स्वयं बेसहारा पशुओं पर पड़ रहा है। आप के सरगुजा लोकसभा सचिव लव कुमार ने कहा कि वर्ष 2020 में शुरू की गई गोधन न्याय (गोठान) योजना का उद्देश्य आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय देना, किसानों की फसलों की रक्षा करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना था। लेकिन वर्तमान में कई गोठान बंद पड़े हैं या सीमित रूप से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक स्थानों पर चारा, पेयजल, पशु चिकित्सा और कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मार्च 2026 में लगभग 1,460 गौधाम स्थापित करने की घोषणा की थी,लेकिन अधिकांश स्थानों पर इसका प्रभाव दिखाई नहीं देता। इसके कारण आवारा पशु सड़कों और खेतों में घूम रहे हैं,जिससे सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और किसानों की फसलें नुकसान झेल रही हैं। लव कुमार ने हाल ही में अंबिकापुर में सांड के हमले में घायल महिला की उपचार के दौरान हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समस्या अब जनसुरक्षा से भी जुड़ गई है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने जून 2026 में गौधामों के प्रभावी संचालन को लेकर राज्य सरकार को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि प्रदेश के सभी गोठानों और गौधामों का स्वतंत्र सामाजिक अंकेक्षण कराया जाए,प्रत्येक केंद्र में चारा,पानी, पशु चिकित्सा और स्थायी गोपालक की व्यवस्था की जाए तथा आवारा पशुओं से फसल नुकसान होने पर किसानों को त्वरित मुआवजा दिया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ई-रिक्शा चालक से मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुए चार युवक

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। रेलवे स्टेशन छोडऩे के बहाने ई-रिक्शा में बैठे चार युवकों …

Leave a Reply