कहा—डॉ. चरणदास महंत के प्रयास और भूपेश सरकार के फैसले का मिला परिणाम, क्षेत्रवासियों को दी बधाई
एमसीबी,14 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मनेन्द्रगढ़ शासकीय मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे पूरे एमसीबी जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्थापना का सपना लंबे समय से देखा जा रहा था, जिसे तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के विशेष प्रयासों तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी, अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी मिलने के साथ यह सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है, उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से एमसीबी जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, इसके साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी, गुलाब कमरों ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल चिकित्सकों की नई पीढ़ी तैयार होगी, बल्कि जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना का भी व्यापक विकास होगा, जिससे आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एमसीबी जिले के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, साथ ही उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया, पूर्व विधायक ने विश्वास जताया कि मेडिकल कॉलेज के शीघ्र संचालन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह संस्थान भविष्य में पूरे सरगुजा संभाग के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur