Breaking News

अम्बिकापुर@14 जुलाई को होगा प्रभु श्री जगन्नाथ महाप्रभु का नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत 14 जुलाई को प्रातः 4 बजे नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसी समय भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के नेत्रोत्सव पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। अनसर (विश्राम) काल पूर्ण होने के बाद भक्तों को भगवान के नवीन,तेजस्वी एवं दिव्य स्वरूप के प्रथम दर्शन का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होगा। सनातन परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा के दिन भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का महाअभिषेक होने के पश्चात उन्हें ज्वर (बीमार) आने की मान्यता है। इसके बाद वे लगभग पंद्रह दिनों तक अनसर गृह में विश्राम करते हैं, जहाँ उनके दर्शन सामान्य श्रद्धालुओं के लिए बंद रहते हैं। इस अवधि में पारंपरिक औषधीय सेवा एवं उपचार किया जाता है। स्वास्थ्य लाभ के उपरांत भगवान पुनः नवयौवन से युक्त दिव्य स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
जिसे नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन कहा जाता है। नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन के शुभ अवसर पर उड़ीसा से पधारे विद्वान पुजारी पंडित श्री शंभूनाथ पांडा जी द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य पूजा-अर्चना, विशेष अनुष्ठान एवं महाआरती संपन्न कराई जाएगी। समिति ने बताया कि 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथ यात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर मार्ग (तिवारी बिल्डिंग) से प्रारंभ होकर जोड़पीपल, आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, ब्रह्म रोड, राममंदिर रोड, जय स्तंभ चौक, महामाया चौक होते हुए पुनः संगम चौक से दुर्गा बाड़ी तक पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा प्रभु की आरती, पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति एवं उत्कल समाज ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे 14 जुलाई को प्रातः 4 बजे नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन तथा 16 जुलाई को आयोजित भव्य रथ यात्रा में सपरिवार उपस्थित होकर महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ एनआईएचएसएडी भोपाल के वैज्ञानिक कर रहे परीक्षण,सफल रहा ट्रायल तो सूकर पालकों को मिलेगा बड़ा लाभ

Share –संवाददाता-अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शासकीय सुकर फार्म सकलो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) …

Leave a Reply