Breaking News

अम्बिकापुर@ मैनपाट में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

Share

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप,
ससुराल पक्ष ने प्रताडऩा से किया इनकार…विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम कुनिया में एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार शाम घर के भीतर महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल नीचे उतारकर नर्मदापुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। वहीं ससुराल वालों ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए इसे पारिवारिक विवाद के बाद उठाया गया कदम बताया है। अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार ग्राम कुनिया निवासी मिनी यादव की शादी करीब तीन वर्ष पहले गांव के ही अनुज यादव से हुई थी। दंपती की 16 माह की एक बेटी भी है। शनिवार शाम घटना के समय पति अपनी बेटी को लेकर किराना दुकान गया हुआ था, जबकि घर में उसकी मां मौजूद थी। इसी दौरान महिला का शव घर की परछी में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पति के लौटने के बाद परिजनों ने रस्सी काटकर शव नीचे उतारा और अस्पताल ले गए,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शुरुआत से ही मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि शव पर चोट के निशान थे,जिससे उन्हें विश्वास है कि पहले मारपीट की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मायके पक्ष ने नर्मदापुर में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके कारण रविवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फोरेंसिक विशेषज्ञ, सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब पुलिस को अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। मृतका के पिता संजय यादव का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताडि़त किया जाता था। उनका कहना है कि विवाह में उन्होंने बुलेट मोटरसाइकिल दी थी और बाद में 50 डिसमिल जमीन भी बेटी के नाम कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर पति, सास,ससुर और ननद द्वारा उसकी बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी को पिछले एक वर्ष से मायके आने नहीं दिया जा रहा था और रिश्तेदारों से मिलने तक पर रोक लगा दी गई थी। मृतका के भाई कुश यादव ने भी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना वाले दिन शाम करीब चार बजे उनकी बहन से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने कोई परेशानी नहीं बताई। कुछ देर बाद विवाद की सूचना मिलने पर वह बहन के घर पहुंचा,लेकिन उसे अंदर नहीं जाने दिया गया। उसका दावा है कि घर के भीतर से मारपीट की आवाजें आ रही थीं। इसके बाद बहन की मौत की जानकारी मिली। भाई का आरोप है कि मारपीट के बाद हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। वहीं ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दहेज को लेकर कभी कोई विवाद नहीं हुआ। उनके अनुसार घटना से पहले पति का नया मोबाइल पैंट की जेब में रह जाने के कारण धुल गया था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। उनका दावा है कि इसी विवाद के बाद महिला ने आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ एनआईएचएसएडी भोपाल के वैज्ञानिक कर रहे परीक्षण,सफल रहा ट्रायल तो सूकर पालकों को मिलेगा बड़ा लाभ

Share –संवाददाता-अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शासकीय सुकर फार्म सकलो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) …

Leave a Reply