Breaking News

अम्बिकापुर@राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन,अंबिकापुर में राजीव भवन से श्रीराम मंदिर तक निकाली आक्रोश रैली

Share


टी.एस. सिंहदेव बोले…आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और आर्थिक अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अंबिकापुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से स्थानीय श्रीराम मंदिर तक आक्रोश रैली निकालकर केंद्र सरकार,मंदिर ट्रस्ट और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान मामले की निष्पक्ष जांच,दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,ब्लॉक अध्यक्ष,मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए। राजीव भवन से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रीराम मंदिर पहुंची, जहां नेताओं ने सभा को संबोधित किया और मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय बताया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि यदि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो यह केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था पर भी आघात है। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की चोरी के लिए सीधे उन लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए, जो मंदिर के प्रबंधन और व्यवस्था के लिए जिम्मेदार हैं। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समाज के विश्वास के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों का प्रबंधन संत समाज और ऐसे स्वतंत्र लोगों के हाथों में होना चाहिए, जो श्रद्धालुओं के प्रति जवाबदेह हों। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे से जुड़े मामलों में सामने आए आरोपों ने देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि जांच एजेंसियां मंदिर से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन और अन्य निर्माण कार्यों की भी निष्पक्ष जांच करें ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम केवल किसी एक संगठन या दल के नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना और करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। इसलिए राम मंदिर से जुड़े किसी भी वित्तीय विवाद की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धार्मिक संस्थाओं में वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ एनआईएचएसएडी भोपाल के वैज्ञानिक कर रहे परीक्षण,सफल रहा ट्रायल तो सूकर पालकों को मिलेगा बड़ा लाभ

Share –संवाददाता-अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शासकीय सुकर फार्म सकलो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) …

Leave a Reply