रायपुर,11 जुलाई 2026। रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में पढ़ने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों को बढ़ाने की हरी झंडी दे दी है। अब कॉलेज में कुल सीटों की संख्या 230 से बढ़कर 250 हो गई है। यानी इस साल 20 और छात्र अपनी डॉक्टर बनने की राह को आसान कर सकेंगे।
एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने 10 जुलाई को इस संबंध में ऑफिशियल लेटर जारी किया है। यह नई सीटें शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होंगी। कॉलेज प्रबंधन ने इस फैसले का स्वागत किया है और छात्रों के लिए कैंपस में जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रायपुर के इस सबसे पुराने सरकारी मेडिकल कॉलेज का इतिहास काफी लंबा है। साल 1963 में जब इसकी शुरुआत हुई थी,तब सिर्फ 60 सीटें हुआ करती थीं। समय के साथ सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार हुआ। साल 2009 में ये 150 हुई, फिर 2019 में 180 और 2023 में 230 सीटें हुईं। अब एनएमसी की नई इजाजत के बाद यह संख्या 250 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया आभार
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले को राज्य के युवाओं के लिए बड़ा कदम बताया है। उनका कहना है कि सीटें बढ़ने से छत्तीसगढ़ के ज्यादा छात्र अब अपने ही राज्य में रहकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर पाएंगे। इसके लिए सीएम विष्णुदेव साय के प्रयासों की भी सराहना की गई है। जानकारों का मानना है कि इससे राज्य में भविष्य में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur