रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय, रेंज कार्यालयों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) तथा 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों की नई पदस्थापना की गई है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को रेंज आईजी, पुलिस मुख्यालय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक पदस्थ किए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार यादव को नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), राजनांदगांव रेंज बनाया गया है। राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमवार को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी प्रकार बस्तर क्षेत्र के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में आईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दो एसपी बने डीआईजी
सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर को पदोन्नति देते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), पुलिस मुख्यालय नियुक्त किया गया है। बेमेतरा के पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू को भी डीआईजी, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भी बड़े बदलाव
कबीरधाम के एसपी धर्मेन्द्र छवई को सेनानी, 8वीं वाहिनी, छसबल राजनांदगांव बनाया गया है।
19वीं वाहिनी करनपुर बस्तर की सेनानी श्वेता राजमणि को उप पुलिस महानिरीक्षक, छसबल जगदलपुर नियुक्त किया गया है।
प्रथम वाहिनी भिलाई के सेनानी राजेश कुकरेजा को पुलिस मुख्यालय में डीआईजी बनाया गया है।
धमतरी के एसपी सूरज सिंह परिहार को सेनानी, चौथी वाहिनी, माना (रायपुर) भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय में नई पदस्थापना
बलौदाबाजार-भाटापारा की एसपी भावना गुप्ता को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय बनाया गया है।
कोरिया के एसपी रवि कुमार कुर्वे को भी एआईजी, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी मिली है।
इन जिलों को मिले नए पुलिस अधीक्षक
तबादला आदेश के अनुसार राज्य के 12 जिलों में नए पुलिस अधीक्षक पदस्थ किए गए हैं—
दंतेवाड़ा – चंद्रमोहन सिंह
बेमेतरा – त्रिलोक बंसल
सारंगढ़-बिलाईगढ़ – सुनील शर्मा
कबीरधाम – जितेंद्र कुमार यादव
बालोद – चंदन किरण गंगाराम
सूरजपुर – योगेश कुमार पटेल
बलौदाबाजार-भाटापारा – राय गोविंद रामप्रवेश
बीजापुर – उमेश प्रसाद गुप्ता
सुकमा – मयंक गुर्जर
नारायणपुर – संदीप कुमार पटेल
धमतरी – भावना पाण्डेय
कोरिया – हरीश राठौर
रायपुर पुलिस में भी बदलाव
रायपुर नगर पुलिस के उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर का एसपी बनाया गया है।
उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर को सुकमा का एसपी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
वहीं नारायणपुर के एसपी संगीसन गुरिया को रायपुर नगर पुलिस का उपायुक्त (पश्चिम) नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक दृष्टि से अहम फैसला
राज्य सरकार द्वारा जारी इस व्यापक तबादला आदेश को पुलिस प्रशासन में नई कार्यशैली, बेहतर समन्वय और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित जिलों, पुलिस मुख्यालय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में किए गए बदलावों को रणनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। गृह विभाग के इस आदेश के बाद पुलिस महकमे में आगामी दिनों में कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur