Breaking News

रायपुर@17 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की रिमांड में रहेंगे रामगोपाल अग्रवाल….

Share

रायपुर,09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले के आरोपी रामगोपाल अग्रवाल ने 3 साल बाद सरेंडर किया। रामगोपाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष थे। उन पर घोटाले का पैसा राजीव भवन मंगवाने का आरोप है। उन्होंने रायपुर स्थित आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) के दफ्तर पहुंचकर सरेंडर किया। गुरुवार को ईओडब्ल्यू ने मेडिकल जांच के बाद अग्रवाल को रायपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 17 जुलाई तक ईओडब्ल्यू की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान ईओडब्ल्यू की टीम उनसे मामले में पूछताछ करेगी। बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने 14 दिन कि रिमांड मांगी थी, लेकिन दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने 9 दिन की कस्टोडियल रिमांड दी है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इसके विरोध में कांग्रेस कल पूरे प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कोर्ट पहुंचे थे।
घोटाले का पैसा राजीव भवन मंगवाने का आरोप : मामला कोयला लेवी घोटाले की जांच से जुड़ा है। जांच के दौरान सूर्यकांत तिवारी की जब्त डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपए की एंट्री मिली है। ईओडब्ल्यू का दावा है कि यह रकम रामगोपाल अग्रवाल के जरिए कांग्रेस भवन तक पहुंची थी। पैसे कहां से आए, किसने पहुंचाए,किसने लिए और उनका इस्तेमाल कहां हुआ,इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ जारी है। वहीं, ईओडब्ल्यू ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी 2 दिनों तक लंबी पूछताछ की है। ईओडब्ल्यू का दावा है कि शराब घोटाला केस में अनवर ढेबर और उसके लोगों ने करोड़ों रुपए कांग्रेस भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए। इसके अलावा कस्टम मिलिंग केस में भी रोशन चंद्राकर ने करोड़ों रुपए कांग्रेस भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए।
वित्तीय लेन-देन की जांच जारी : ईओडब्ल्यू रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका, संबंधित व्यक्तियों से संपर्क,वित्तीय लेन-देन, धन के स्रोत,प्राप्ति और उपयोग की जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि पूछताछ जब्त डायरी, दस्तावेजों,डिजिटल साक्ष्यों और विवेचना के दौरान जुटाई गई अन्य सामग्री के आधार पर की जा रही है। जानकारी के मुताबिक,बेटे से पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने रामगोपाल अग्रवाल के पिछले 3 सालों के ठिकानों,आर्थिक लेन-देन और कथित नेटवर्क से जुड़े कई सवाल किए है। एजेंसी का कहना है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रामगोपाल अग्रवाल का नाम करीब 3 हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले,450 करोड़ रुपए के कोल लेवी वसूली मामले और 127 करोड़ रुपए के कस्टम मिलिंग प्रोत्साहन घोटाले की जांच में सामने आया है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ स्वस्तिक ढाबा में जुए पर पुलिस का छापा

Share ..8 जुआरी गिरफ्तार,8 लाख से अधिक का मशरुका जब्त-संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस …

Leave a Reply