पार्षद आलोक दुबे ने कहा…बिना पुलिस सत्यापन रह रहे संदिग्ध लोगों की हो जांच,मकान मालिकों की भी तय हो जिम्मेदारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अंबिकापुर शहर में बाहरी राज्यों से आकर किराये के मकानों में रह रहे लोगों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न इलाकों में बिना पुलिस जांच-पड़ताल के बड़ी संख्या में किरायेदार रह रहे हैं, जिनकी गतिविधियों की जानकारी न तो मकान मालिकों को है और न ही संबंधित विभागों के पास कोई समुचित रिकॉर्ड उपलब्ध है। ज्ञापन में पार्षद ने उल्लेख किया है कि गांधीनगर, कोतवाली और मणिपुर थाना क्षेत्रों के कई मोहल्लों में कम किराये पर बाहरी लोगों को मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका कहना है कि कई मकान मालिक केवल किराया मिलने तक ही सीमित रहते हैं और किरायेदारों की पृष्ठभूमि या उनके कार्यों की जानकारी नहीं रखते। उन्होंने एक पुराने आपराधिक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों से सीख लेते हुए समय रहते किरायेदारों का सत्यापन आवश्यक है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से आए कुछ लोगों के संबंध में स्थानीय स्तर पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है, इसलिए पुलिस को तथ्यों के आधार पर उनकी पहचान और सत्यापन करना चाहिए। पार्षद ने मांग की है कि तीनों थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीम बनाकर किरायेदारों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। जांच के दौरान यह जानकारी जुटाई जाए कि संबंधित व्यक्ति कहां से आया है, कितने समय से शहर में रह रहा है, क्या कार्य करता है तथा उसके गृह जिले के थाने से उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी प्राप्त किया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते सत्यापन और निगरानी नहीं की गई तो भविष्य में असामाजिक तत्व शहर की शांति व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित किरायेदार सत्यापन अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur