Breaking News

अम्बिकापुर@पिकअप की टक्कर से सड़क पर गिरे तीन युवक,पीछे से आए ट्रक ने दो को कुचला,मौत

Share


दशकर्म की सूचना देकर लौट रहे थे तीनों,हेलमेट पहनने से एक युवक की बची जान,फरार वाहनों की तलाश में जुटी पुलिस

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जून 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे-43 पर बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बासेन के पास रविवार रात हुए भीषण सडक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ,जब पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सडक पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पिकअप और ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बतौली क्षेत्र के मानपुर निवासी अकल साय (25), नान्हू गोंड़ (30) और जयप्रकाश गोंड़ (35) रविवार को अपनी बड़ी मां के दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने रायगढ़ जिले के ग्राम कापू गए थे। देर शाम तीनों बाइक क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यू 1719 से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे वे ग्राम बासेन के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सडक पर जा गिरे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सडक पर गिरे नान्हू गोंड़ और जयप्रकाश गोंड़ को कुचल दिया। दोनों के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। वहीं तीसरा युवक अकल साय गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस और सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बतौली अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
हेलमेट ने बचाई युवक की जान : पुलिस के अनुसार घायल अकल साय ने हेलमेट पहन रखा था। दुर्घटना के दौरान सिर सुरक्षित रहने से उसकी जान बच गई, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस का मानना है कि हेलमेट नहीं होता तो हादसा और भी जानलेवा साबित हो सकता था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : दुर्घटना के बाद पिकअप और ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


Share

Check Also

कोरिया/सोनहत@13 दिन बाद भी न्याय की राह देख रहा नौगई कांड का पीड़ित परिवार

Share मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद सरकार का निर्णय नहीं,न्याय की आस में परिजन 13 …

Leave a Reply