Breaking News

अम्बिकापुर@सर्पदंश का कहर : नानी-नातिन समेत तीन की मौत,बारिश शुरू होते ही बढ़ीं घटनाएं

Share


जमीन पर सोना पड़ा भारी,स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सतर्क

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 जून 2026 (घटती-घटना)। बारिश का मौसम शुरू होते ही सरगुजा संभाग में सर्पदंश की घटनाएं बढऩे लगी हैं। बीते 24 घंटे के भीतर बलरामपुर और सरगुजा जिले में सर्पदंश से तीन लोगों की मौत हो गई। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक ही परिवार की नानी और नातिन की जान चली गई,जबकि सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र में एक वृद्ध महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों मामलों में पीडि़त जमीन पर सो रहे थे। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से जमीन पर सोने से बचने और सर्पदंश होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है। जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरघड़ी के फूफंदीपारा निवासी 8 वर्षीय करिश्मा अपनी नानी नंदी (56) के घर ग्राम कोटागहना आई हुई थी। शनिवार रात दोनों घर के भीतर जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 11 बजे जहरीले सांप ने पहले करिश्मा को डस लिया। नातिन को बचाने और सांप को हटाने के प्रयास में नानी नंदी भी सर्पदंश का शिकार हो गईं। बच्ची की हालत बिगडऩे पर परिजन उसे तत्काल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन चंद्रगढ़ के पास रविवार तडके करीब 4 बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इधर, नानी नंदी ने भी भोर करीब 3 बजे घर पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
लखनपुर में महिला की मौत : इधर, सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरकालो में भी सर्पदंश की एक और दुखद घटना सामने आई। यहां 62 वर्षीय मुनिया बाई अपनी बेटी शीतल और नाती-नातिनों के साथ घर के भीतर जमीन पर सो रही थीं। रात करीब 3 बजे उन्हें किसी जहरीले जीव के काटने का एहसास हुआ। शोर मचाने पर परिजन जागे और तलाश करने पर उनके पेटीकोट के भीतर करैत सांप मिला। परिजन तत्काल उन्हें संगवारी अस्पताल ले गए,जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शनिवार शाम करीब 4 बजे उनकी भी मौत हो गई।
सावधानी बरतने की अपील
लगातार सामने आ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि बारिश के मौसम में घर और आसपास साफ-सफाई रखें, झाडिय़ों को हटाएं तथा यथासंभव जमीन पर सोने से बचें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय बिना समय गंवाए उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा ने किया मंडल प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,28 जून 202६ (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा …

Leave a Reply