Breaking News

अम्बिकापुर@औचक निरीक्षण के बाद डीईओ ने बढ़ाई जवाबदेही अनुपस्थित कर्मचारियों का मानदेय रोकने के निर्देश

Share


कई स्कूलों में व्यवस्थाएं सुधारने का दिया आदेश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। जिले के शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने अंबिकापुर विकासखंड के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, अधूरा गणवेश व पाठ्यपुस्तक वितरण, स्वच्छता की कमी तथा निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आई। वहीं जहां व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं, वहां शिक्षकों के कार्य की सराहना भी की गई। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों का मानदेय रोकने और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक शाला नवापारा से हुई। यहां दर्ज 24 विद्यार्थियों में केवल चार उपस्थित मिले। गणवेश वितरण और पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग का कार्य अधूरा मिला। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की कमी और भवन के जर्जर हिस्सों पर भी जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के समय रसोइया और स्वीपर अनुपस्थित मिलने पर दोनों का मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सेजेस विद्यालय गांधीनगर का निरीक्षण किया गया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और कक्षाएं नियमित संचालित होती पाई गईं। हालांकि पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति अब तक नहीं होने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्यालय का भृत्य अनुपस्थित मिलने पर उसे निरीक्षण दिवस के लिए अनुपस्थित दर्ज करने को कहा गया।
भगवानपुर में कम
रही छात्र उपस्थिति

प्राथमिक शाला भगवानपुर में 49 में से केवल 12 विद्यार्थी उपस्थित मिले। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, लेकिन विद्यालय भवन की मरम्मत और पुताई की आवश्यकता महसूस की गई। प्रधान पाठक को शाला विकास निधि से तत्काल पुताई कराने तथा बड़े मरम्मत कार्यों का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। यहां भी सहायिका और स्वीपर अनुपस्थित मिलने पर उनका मानदेय रोकने के आदेश दिए गए।
असामाजिक तत्वों की
शिकायत पर एसपी से चर्चा

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर में कक्षाएं नियमित संचालित मिलीं। व्याख्याता ज्योति सिन्हा के अध्यापन कार्य की जिला शिक्षा अधिकारी ने सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य ने लिपिकीय स्टाफ की कमी और स्कूल परिसर के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से अवगत कराया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। वहीं शासकीय हाई स्कूल अजीरमा में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर शिक्षकों के कार्य की प्रशंसा की गई।
केशवपुर स्कूल में मिलीं कई कमियां
सेजेस विद्यालय केशवपुर में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता का अभाव, टूटी खिड़कियां, क्षतिग्रस्त डस्टबिन और गमले मिले। 16वें वित्त आयोग से स्वीकृत शौचालय और बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य अधूरा पाया गया। कई शिक्षक अवकाश पर थे तथा विद्यालय में प्रशासनिक नियंत्रण भी कमजोर नजर आया। जिला शिक्षा अधिकारी ने शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और आवश्यक परीक्षण के बाद स्वीकृत राशि जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण का उद्देश्य,शैक्षणिक कुणवत्ता
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने बताया कि उनके निर्देशन में जिले के सभी जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों तथा संकुल केंद्र समन्वयकों ने भी अपने-अपने अधीनस्थ विद्यालयों का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शांति और भाईचारे के माहौल में निकले मोहर्रम के जुलूस

Share इंतजामिया कमेटी ने प्रशासन, पुलिस और शहरवासियों का जताया आभार -संवाददाता-अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply