Breaking News

दिल्ली के जनजातीय सांस्कृतिक समागम से लौटे प्रतिनिधियों का पारंपरिक गोड़ धोनी से सम्मान

Share


सरगुजा में गूंजा जनजातीय स्वाभिमान का स्वर,प्रतिनिधियों का आत्मीय अभिनंदन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जून 202६ (घटती-घटना)।
देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम में सहभागिता कर लौटे सरगुजा के प्रतिनिधियों का उरांव सामाजिक भवन,पटेलपारा में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जनजाति सुरक्षा मंच,सरगुजा द्वारा आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा एवं बाबा कार्तिक उरांव के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद जनजातीय परंपरा के अनुसार पारंपरिक गोड़ धोनी कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेशराम भगत ने कहा कि जनजातीय समाज की पैर धोने की परंपरा केवल एक रस्म नहीं बल्कि सम्मान,सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए लगातार जागरूकता अभियान जारी रखेगा। उन्होंने डीलिस्टिंग कानून की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि आगामी 29 अक्टूबर को बाबा कार्तिक उरांव जयंती के अवसर पर अंबिकापुर में डीलिस्टिंग गर्जना महारैली आयोजित की जाएगी। गणेशराम भगत ने समाज के लोगों से भगवान बिरसा मुंडा,बाबा कार्तिक उरांव और संत गहिरा गुरु के विचारों पर चलने तथा जनजातीय संस्कृति एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए जनजागरण करने का आह्वान किया। प्रांत सह संयोजक इन्दर भगत ने कहा कि दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम जनजातीय एकता,संस्कृति,अस्मिता और अधिकारों के संरक्षण का बड़ा मंच बना। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए,जिसमें सरगुजा क्षेत्र की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रही। उन्होंने कहा कि गोड़ धोनी कार्यक्रम हमारी परंपरा,सम्मान और सामाजिक मूल्यों को दर्शाता है। दिल्ली से लौटे प्रतिनिधियों का सम्मान समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाला आयोजन है। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक बिहारीलाल उरांव ने किया,जबकि आभार प्रदर्शन जिला सह संयोजक रज्जू राम ने किया।
इस अवसर पर जनजाति सुरक्षा मंच के प्रांत संरक्षक डॉ. आजाद भगत, प्रांत संयोजक रोशन प्रताप सिंह, प्रांत सह संयोजक लालदेव भगत, मानेश्वर भगत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शांति और भाईचारे के माहौल में निकले मोहर्रम के जुलूस

Share इंतजामिया कमेटी ने प्रशासन, पुलिस और शहरवासियों का जताया आभार -संवाददाता-अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply