Breaking News

रायपुर@रायपुर में सिलयारी चौकी प्रभारी सस्पेंड

Share


नाबालिग के अपहरण केस में पुलिस ने बरती लापरवाही,एसपी की जांच के बाद 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर,07 जून 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बच्ची के मामले में सिलयारी चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की संवेदनशीलता को गंभीरता से नहीं लेने और स्थानीय स्तर पर मिल रही सूचनाओं की अनदेखी करने पर यह कार्रवाई की है। सिलयारी चौकी प्रभारी का नाम जितेंद्र दुबे बताया जा रहा है। वहीं मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ग्रामीण कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, धरसीवां थाना क्षेत्र की सिलयारी चौकी में 18 अप्रैल 2026 को एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी बेटी 17 अप्रैल से लापता है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और अगले ही दिन बच्ची को बरामद कर लिया। प्रक्रिया के तहत महिला पुलिस अधिकारी ने बच्ची का बयान दर्ज किया। उसे बाल कल्याण समिति और न्यायालय के सामने पेश किया गया। शुरुआती बयान में बच्ची ने किसी भी प्रकार के अपराध से इनकार किया था। इसके बाद मामले को खारिज करने का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय भेजा गया। इसी दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बच्ची के दादा कथित रूप से मामले को दबाने के लिए पैसे लेते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने खारिजी प्रस्ताव को अस्वीकार कर दोबारा जांच के निर्देश दिए।
दोबारा विवेचना में नाबालिग का बयान दर्ज किया गया, जिसमें अपराध होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, वायरल वीडियो की भी सत्यता जांची जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि बाकी लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद एक्शन
इस मामले की समीक्षा में यह पाया गया कि, चौकी प्रभारी जितेन्द्र दुबे ने अपहरण जैसे संवेदनशील मामले को केवल कानूनी औपचारिकताओं तक सीमित रखा और स्थानीय सूचनाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। इसी कारण उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा संभाग में ‘आकार-2026’ का आयोजन

Share उदयपुर और लखनपुर में 8 से 14 जून तक चलेगा पारंपरिक शिल्प एवं कला …

Leave a Reply