पखांजुर,24 मई 2026। गढ़चिरोली पुलिस और सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित एक गुप्त हथियार निर्माण कारखाने का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री और उपकरण बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिए गए। पुलिस को यह बड़ी सफलता ‘ऑपरेशन अंतिम प्रहार’ के तहत आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर मिली। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि बिनागुंडा क्षेत्र के घने जंगलों में माओवादी हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखते हैं, जिनका इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमले और नक्सली गतिविधियों में किया जाता था। जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के निर्देशन में विशेष अभियान दल, प्राणहिता यूनिट और बीडीडीएस टीम को सर्च ऑपरेशन पर रवाना किया गया। पोमके-बिनागुंडा के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई लेथ मशीन, बीजीएल पाइप, 12 बोर पाइप, इन्वर्टर, जनरेटर, बैटरी, ग्राइंडिंग और ड्रिलिंग मशीन, जिग सॉ मशीन, प्रेशर पंप, सोलर पैनल और करीब 20 फीट फुटबॉल पाइप सहित बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur