Breaking News

रायपुर@छत्तीसगढ़ में बड़े सियासी फेरबदल की आहट!

Share


दिल्ली पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय,क्या बदलेंगे मंत्रिमंडल के चेहरे?
न्यूज डेस्क

रायपुर,24 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सत्ता और संगठन के गलियारों में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर हो रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अचानक दो दिवसीय दिल्ली दौरा कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। आधिकारिक तौर पर भले ही इस दौरे को विकास योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय से जोड़ा जा रहा हो,लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे राज्य की सत्ता और संगठन में बड़े बदलाव की भूमिका मान रहे हैं। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री साय दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें करने वाले हैं। इस दौरे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से संभावित बैठक की है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में सिर्फ विकास योजनाओं की समीक्षा ही नहीं,बल्कि छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में रिक्त पदों को भरने,कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल और संगठनात्मक नियुक्तियों पर भी गहन चर्चा हो सकती है।
बंद कमरे की बैठकों पर टिकी निगाहें : मुख्यमंत्री साय शनिवार को रायपुर से दिल्ली रवाना हुए। रविवार को उनका कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा आलाकमान के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित बताया जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में होने वाली इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति,सरकार की कार्यप्रणाली और संगठन की सक्रियता को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। भाजपा संगठन के भीतर लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। कुछ जिलों और सामाजिक समीकरणों को प्रतिनिधित्व देने की मांग भी लगातार उठ रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
संगठन और सरकार दोनों में बदलाव की चर्चा : राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन दोनों स्तर पर कुछ बड़े निर्णय ले सकती है। लोकसभा चुनाव के बाद अब पार्टी की नजर 2028 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर है। ऐसे में प्रदर्शन, क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए फेरबदल की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। कई नेताओं के दिल्ली संपर्क और हाल के दिनों में बढ़ी राजनीतिक सक्रियता ने भी अटकलों को और हवा दी है।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का दावा है कि कुछ नए चेहरों को जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव संभव है।
विकास के नाम पर सियासी समीकरण?
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका यह दौरा पूरी तरह विकास केंद्रित है। उन्होंने बताया कि वे केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की लंबित केंद्रीय योजनाओं,आधारभूत संरचना परियोजनाओं और राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से छत्तीसगढ़ को तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि राजनीतिक हलकों में इस बयान को सामान्य औपचारिकता माना जा रहा है और पर्दे के पीछे बड़े राजनीतिक निर्णयों की संभावनाओं पर चर्चा जारी है।
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भव्य आयोजन
दिल्ली दौरे का एक महत्वपूर्ण पहलू भाजपा के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों से भी जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि आगामी 7 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर को भाजपा देशभर में बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। छत्तीसगढ़ भाजपा भी इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक रणनीति बना रही है। प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न आयोजन प्रस्तावित हैं। बताया जा रहा है कि संगठन की ओर से कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा मुख्यमंत्री को सौंप दी गई है, जिस पर वे दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर सकते हैं।
अब सबकी नजर दिल्ली से लौटने पर…
फिलहाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जब दो दिन बाद दिल्ली से रायपुर लौटेंगे, तो उनके साथ सिर्फ विकास योजनाओं की सौगात होगी या फिर सत्ता और संगठन में बड़े बदलावों की पटकथा भी तैयार हो चुकी होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और हर कोई दिल्ली से आने वाले संकेतों का इंतजार कर रहा है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अलग-अलग सडक हादसों में तीन की मौत,मिशन व मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में अलग-अलग सडक हादसों में तीन लोगों की …

Leave a Reply