रायपुर,23 मई 2026। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य में अवैध शराब की बिक्री, किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की। दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सत्ता पक्ष के कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सार्वजनिक मंचों पर इस विषय का उल्लेख किया गया है। बैज ने आरोप लगाया कि बाजार में बिना होलोग्राम और कथित नकली शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से मामले की जांच कराने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को उर्वरकों की मांग और उपलब्धता की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि राज्य सरकार इस वर्ष के लिए अनुमानित आवश्यकता,उपलब्ध भंडारण और वितरण व्यवस्था की जानकारी देते हुए श्वेत पत्र जारी करे,ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके। बैज ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बीते दिनों में ईंधन के दामों में लगातार वृद्धि हुई है, जिसका असर आम लोगों और परिवहन लागत पर पड़ रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur