न पानी,न बैठने की व्यवस्था,भीषण गर्मी में घंटों सड़क किनारे इंतजार
-न्यूज डेस्क-
रायपुर,15 मई 2026 (घटती-घटना)।राजधानी रायपुर के सरोना स्थित ION Digital Zone एक बड़ा ऑनलाइन परीक्षा केंद्र माना जाता है,जहां CUET, JEE, NEET, SSC,रेलवे,बैंकिंग,CAT, GATE और विभिन्न भर्ती परीक्षाएं आयोजित होती हैं। हर परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी यहां पहुंचते हैं। लेकिन बड़े दावों और आधुनिक व्यवस्था के बीच इस परीक्षा केंद्र के बाहर की जमीनी हकीकत अब गंभीर सवाल खड़े कर रही है। दूर-दराज जिलों और दूसरे राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को यहां भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ष्टश्वभ् जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के दौरान स्थिति और भी बदहाल दिखाई देती है।
अभ्यर्थी अंदर,परिजन बाहर परेशान : परीक्षा देने पहुंचे छात्र तो सेंटर के भीतर चले जाते हैं, लेकिन उनके साथ आने वाले माता-पिता और परिजनों के लिए बाहर कोई समुचित व्यवस्था नजर नहीं आती। भीषण गर्मी में घंटों तक लोगों को सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है। कई परिजनों का कहना है कि सेंटर के बाहर न पर्याप्त छांव की व्यवस्था है,न पीने के पानी की और न ही बैठने के लिए कोई स्थायी इंतजाम। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ आने वाले परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ट्रैफिक और पार्किंग भी बनी समस्या : परीक्षा के दिनों में सेंटर के आसपास भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से आवागमन प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा शुरू और समाप्त होने के समय सरोना मार्ग पर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
दूर-दराज से पहुंचते हैं अभ्यर्थी : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर,जगदलपुर, कोरिया,जशपुर,बिलासपुर,कांकेर, राजनांदगांव और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में छात्र यहां परीक्षा देने पहुंचते हैं। कई अभ्यर्थी रातभर ट्रेन और बस से सफर कर सुबह सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा केंद्र के बाहर मूलभूत सुविधाएं न मिलें तो परेशानी और बढ़ जाती है।
पहले भी उठते रहे हैं सवाल
परीक्षा केंद्र में भीड़, गर्मी,बैठने की कमी और अव्यवस्था को लेकर पहले भी सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर
अभ्यर्थियों द्वारा शिकायतें की जाती रही हैं। कई लोगों ने परीक्षा के दिनों में बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं की मांग उठाई थी। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नजर नहीं आ रहा है।
राज्य शासन और प्रशासन से मांग
अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्य शासन और जिला प्रशासन को ऐसे बड़े परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी चाहिए।
विशेष रूप सेः-
– परिजनों के लिए प्रतीक्षालय
– पेयजल व्यवस्था
– अस्थायी शेड और बैठने की सुविधा
– ट्रैफिक नियंत्रण
– मेडिकल सहायता
– मोबाइल टॉयलेट
– जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
जनहित से जुड़ा मामला
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं छात्रों के भविष्य से जुड़ी होती हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्रों पर केवल ऑनलाइन व्यवस्था और कंप्यूटर लैब पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। हजारों परिवारों की सुविधा और सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। अब देखने वाली बात होगी कि राज्य शासन,जिला प्रशासन और परीक्षा आयोजन एजेंसियां इस ओर ध्यान देती हैं या फिर हर परीक्षा में अभ्यर्थी और उनके परिजन इसी तरह परेशान होते रहेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur