बेमेतरा,12 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में गौवंश की मौत को लेकर किया गया युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब राजनीतिक विवाद का मुद्दा बन गया है। शव यात्रा निकालकर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरुदयाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी सहित 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
भाजपा नेत्री की शिकायत पर मामला दर्ज : यह प्रकरण भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल की लिखित शिकायत के बाद दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रदर्शन के दौरान नियमों का उल्लंघन किया गया और माहौल खराब करने की कोशिश की गई। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, बेमेतरा में बड़ी संख्या में गौवंश की मौत का मामला सामने आने के बाद युवा कांग्रेस लगातार सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था के कारण करीब 300 गौवंशों की मौत हुई, लेकिन सरकार ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दरअसल गौवंशों की मौत के मामले में जिला युवा कांग्रेस ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व गौ सेवा आयोग के प्रदेश अध्यक्ष की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली।
इस दौरान कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति निर्मित होने के साथ नौबत हाथपाई तक पहुंच गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गौवंशों की मौत प्रशासनिक विफलता का परिणाम है और कांग्रेस सिर्फ जनता की आवाज उठा रही थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur