फेरीवाले बनकर बाइक से कर रहे थे गांजे की तस्करी,1 करोड़ 98 लाख का सामान जब्त
रायपुर,12 मई 2026। छत्तीसगढ़ की रायपुर रेंज पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 13 अंतरराज्यीय गांजा आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महासमुंद और धमतरी जिले में कार्रवाई कर 378 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों समेत कुल संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने इस बार गांजा सप्लाई का बेहद शातिर तरीका अपनाया था। आरोपी खुद को कपड़ा बेचने वाला फेरीवाला बताकर बाइक से गांजा तस्करी कर रहे थे। बाइक की पिछली सीट के पीछे कपड़ों के ढेर की आड़ में लोहे का खास कम्पार्टमेंट बनाया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। बाहरी तौर पर वे सामान्य स्ट्रीट वेंडर नजर आते थे। रायपुर रेंज के आईजी ने बताया कि तकनीकी निगरानी, मुखबिर सूचना और अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर लगातार चेकिंग के कारण तस्करी की यह नई तरकीब भी नाकाम कर दी गई। गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा इलाके से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी।
महासमुंद जिले में 10 आरोपी गिरफ्तार : महासमुंद जिले में बसना और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 247 किलो गांजा जब्त किया। यहां 10 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपी 7 मोटरसाइकिलों में गांजा लेकर जा रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी मध्यप्रदेश,महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।
धमतरी में नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार : वहीं धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान 131 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया। यहां भी तस्कर कपड़ा फेरी का बहाना बनाकर तीन बाइक में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई में कुल 11 मोटरसाइकिल, 9 मोबाइल फोन, नगदी और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए लोहे के जाले जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो लगातार तस्करी के नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।
इस पैटर्न पर तस्करी कर रहे तस्कर
रायपुर रेंज पुलिस इससे पहले एम्बुलेंस, केला ट्रांसपोर्ट, मूवर्स एंड पैकर्स, बस, ट्रेन और ऑटो की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भी खुलासा कर चुकी है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहराई से जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur